पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार को बताया घोटालेबाज सरकार, दी यह बड़ी चुनौती


पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार को बताया घोटालेबाज सरकार, दी यह बड़ी चुनौती 
बोले, कांग्रेस की सरकार बनाओ, हरियाणा में नहीं लागू होने देंगे नया मोटर वाहन कानून
हरियाणा पहला प्रदेश जहां पिछले 5 साल में नहीं बना एक भी नया अस्पताल
5 साल में नहीं बनी एक भी नई रेल लाइन, मेट्रो भी 1 इंच आगे बढ़ाई हो तो बताए भाजपा 

11 अक्तूबर 2019, 12:26 PM
संदीप कम्बोज/गौरव सोनी कोटली 
अंबाला। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि भाजपा सरकार तो घोटालाबाज सरकार है। इस सरकार ने किलोमीटर स्कीम घोटाला, खनन घोटाला, ओवरलोडिंग घोटाला, बिजली मीटर खरीद घोटाला, छात्रवृत्ति घोटाला कर डाला जो लोगों के सामने है। हरियाणा पहला ऐसा प्रदेश है जहां सबआॅर्डिनेट सर्विस कमीशन का चेयरमैन सस्पेंड हुआ है। रंगे हाथ पैसे लेते पकड़े गये लोग। आॅडियो टेप पकड़े गये। भाजपा एक पेपर बता दे जो लीक न किया हो। भाजपा सरकार सिर्फ लूटने में लगी है। उन्होंने भाजपा से खुला सवाल किया कि भाजपा बताए कि पिछले 5 साल में 1 भी नयी रेल लाइन लाई हो, 1 इंच मेट्रो बढ़ाई हो। हरियाणा पहला प्रदेश है जहां पिछले 5 साल में एक भी नया अस्पताल नहीं बनाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों को कहा कि ये निकम्मी सरकार आ गयी अब इसको हरियाणा से बाहर करने का मौका है। वे यहां अंबाला जिले में मुलाना हलके के गांव साहा में कांग्रेस प्रत्याशी वरुण चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने करनाल जिले के घरौंडा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार राणा के समर्थन में नयी अनाज मंडी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर सीधा वार करते हुए कहा कि 2014 में भाजपा ने 154 वायदे किये थे, लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं किया। किसानों को स्वामीनाथन के भाव देने का वादा किया था। लेकिन, असलियत ये है कि किसानों को पिछले 5 साल से एमएसपी भी नहीं मिल रही है। मंडियों में धान आया हुआ है लेकिन किसानों को अभी तक पेमेंट नहीं हुई। पीपली मंडी में किसानों को 9 पैसे किलो के हिसाब से आलू बेचना पड़ा। भाजपा सरकार ने किसानों की लागत बढ़ा दी और आमदनी घटा दी। नतीजा ये हुआ कि आज हमारा किसान बबार्दी के कगार पर पहुंच गया है।

हमारे समय में न खाद पर टैक्स था, न कीटनाशक पर और न ही ट्रैक्टर पर 
पूर्व सीएम ने कहा कि हमारे समय में न तो खाद पर टैक्स था, न तो कीटनाशक पर टैक्स था, न टैक्टर पर टैक्स था। आज हर चीज पर टैक्स पर टैक्स वसूला जा रहा है। जो कट्टा 800 रुपये का था वो आज 1400 का हो गया और वजन भी 5 किलो घटाकर कम कर दिया। हमारे समय में जीरी जहाज में गयी थी। गेहूं के सीजन में किसान को एमएसपी के लिये दर-दर की ठोकर खानी पड़ती है। गरीब आदमी, खास तौर पर एससी वर्ग के भाईयों को हमने हरियाणा में 3 लाख 82 हजार प्लॉट दिये। आटा-दाल की योजना चलायी लेकिन भाजपा सरकार ने उसमें भी घोटाला करके योजना ही बंद कर दी। हमने गांव में पीने के पानी के इंतजाम के लिये 10 लाख नये कनेक्शन दिये और 200-200 लीटर की टंकी दी। हरियाणा पहला प्रदेश था जहां एससी वर्ग के बच्चों के लिये पहली जमात से वजीफा देना शुरू किया। भाजपा सरकार ने उसमें भी घोटाला करके योजना को बंद कर दिया।

कर्मचारियों के एचआरए का 6 हजार करोड़ डकार गई भाजपा सरकार 
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान देना तो दूर उनका एचआरए का 6000 करोड़ भी भाजपा सरकार डकार गयी। कभी करनाल में तो कभी पंचकुला में कर्मचारी रोज सड़कों पर लाठियां खा रहे हैं। इसी प्रकार व्यापारी कहता है हमारा मुनाफा गया दूर हम तो अपनी पूंजी खा रहे हैं, क्योंकि कभी जीएसटी तो कभी नोटबंदी। आढ़ती और किसान सुख-दु:ख के साथी हैं उस ताने-बाने को तोड़ने का काम भाजपा सरकार ने किया। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज प्रदेश में नहीं है। रोज के 3 कत्ल, 5 बलात्कार होते हैं। बदमाश और गुंडे छाती तानकर सीधे निकल जाते हैं कोई उनको रोकने वाला नहीं। हरियाणा में हर व्यक्ति अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पहले विकास में नंबर वन था, अब बेरोजगारी व अपराध में नंबर वन हुआ हरियाणा 
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि को हमने 2014 में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश और विकास में नंबर 1 पर छोड़ा था वो आज अपराध में बेरोजगारी में नंबर 1 पर पहुंच गया है। आज हरियाणा में बेरोजगारी की दर 28.7 प्रतिशत पूरे देश में सबसे ज्यादा है। छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां बंद हो गयी, हरियाणा के लाखों लोग बेरोजगार हो गये। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लोगों के सामने अपने वादों को दोहराते हुए कहा कि मैंने 2005, 2009 में जो कहा वो किया।
कांग्र्रेस सरकार बनते ही 24 घंटे में माफ होगा किसानों का कर्ज 
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर किसान, भूमिहीन किसान का कर्जा माफ करेंगे। पहले दिन, पहले महीने से बुजुर्गों को 5100 रुपये हर महीने पेंशन देंगे। बुजुर्ग की 58 साल और महिलाओं की 55 साल करेंगे और पेंशन के लिये खाट पर बैंक नहीं जाना होगा। सरकार बनते ही बीपीएल परिवार के घर की महिला को चूल्हा खर्च के नाम पर 2000 रुपये हर महीने देंगे। हरियाणा रोडवेज में महिलाओं का कोई किराया नहीं लगेगा। गरीब आदमी को 100-100 गज के प्लॉट देंगे। सबको रोजगार देंगे और जब तक रोजगार नहीं मिलेगा तब तक बेरोजगारी भत्ता देंगे। पोस्ट ग्रेजुएट को 10,000 ग्रेजुएट को 7000 रुपया भत्ता देंगे। एससी वर्ग के बच्चों को पहली से 12वीं तक साल का 10,000 और 12वीं से ऊपर वाले बच्चों को साल का 15000 रुपये वजीफा देंगे। कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान और पुरानी पेंशन लागू करके देंगे, एचआरए का बकाया देंगे। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करायेंगे। हमारी सरकार बनेगी तो एक कलम से 50 हजार सफाई कर्मचारी लगाये जायेंगे। श्री हुड्डा ने नये मोटर वाहन कानून के तहत भारी-भरकम जुमार्ना राशि वसूलने की बात बताते हुए कहा कि चुनाव बीतते ही फिर चालान कटना शुरू हो जायेगा। मोटरसायकिल 15 हजार की जुमार्ना 25 हजार का, ट्रैक्टर 60 हजार का और जुमार्ना लाख का। कांग्रेस सरकार बनी तो ये कानून हम यहां लागू नहीं होने देंगे।

Post a Comment

0 Comments