हिसार : संस्कृत में शपथ लेने पर विधायक डॉ. कमल गुप्ता का सम्मान
27 दिसंबर 2019, 11:14 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हिसार से दूसरी बार विधायक बनने के बाद डॉ. कमल गुप्ता द्वारा विधानसभा में संस्कृत भाषा में शपथ लेने पर हरियाणा संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. सोमेश्वर दत्त शर्मा व अकादमी सदस्यों ने उन्हें उनके आवास पर आकर सम्मानित किया और उनके संस्कृत भाषा के प्रति प्रेम रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। हरियाणा संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. सोमेश्वर दत्त शर्मा, अकादमी सदस्य आचार्य ऋषिराम शर्मा, भारत विकास परिषद के पदाधिकारी महिपाल यादव, मांगेराम गुप्ता, सुरेंद्र कुच्छल तथा आरएसएस पदाधिकारी कमल, प्रताप सिंह व रोहित लोमस आदि ने विधायक डॉ. कमल गुप्ता के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। निदेशक डॉ. सोमेश्वर दत्त शर्मा ने विधायक द्वारा संस्कृत में शपथ लेने पर उनके संस्कृत प्रेम के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्व की प्राचीनतम, अन्य भाषाओं की जननी व समृद्घ भाषा है। इसे जितना अधिक प्रसारित व लोकप्रिय किया जाए उतना ही भारतवर्ष का गौरव बढ़ेगा। अकादमी के निदेशक डॉ. सोमेश्वर दत्त शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने विधायक डॉ. कमल गुप्ता को उत्तरीय वस्त्र, स्मारिका व संस्कृत भाषा में प्रकाशित पत्रिका हरिप्रभा भेंट कर संस्कृत भाषा के प्रति अपना स्नेह बनाए रखने का आग्रह किया। विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने भी संस्कृत भाषा के प्रति गहरी आत्मीयता प्रकट की और उनका सम्मान करने के लिए पदाधिकारीगण का आभार व्यक्त किया।


0 Comments