हरियाणा में प्रचंड ठंड, शीत लहर ने कंपकंपाया, 1 से 15 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी प्राईवेट व सरकारी स्कूल
27 दिसंबर 2019, 11:32 PMसंदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
हिसार। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण हरियाणा में कोहरे के साथ-साथ भीषण शीत लहर का प्रकोप बीते 12 दिनों से जारी है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने जहां 29 दिसंबर तक शीत लहर चलने का आरेंज अलर्ट जारी किया है वहीं हरियाणा शिक्षा विभाग ने कंपकंपाती ठंड के मद्देनजर प्रदेश में 1 से 15 जनवरी तक सभी निजी व सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। प्रदेश में 15 दिसंबर से लगातार प्रचंड ठंड लोगों और पशु-पक्षियों को ठिठुरा रही है। शुक्रवार को करनाल समेत अन्य शहरों में दिन का तापमान 9 डिग्री पहुंचने के साथ 19 साल का रिकॉर्ड टूट गया था। कुछ इसी तरह का मौसम गुरुवार को भी देखा गया। रोहतक, करनाल, अंबाला समेत कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश में दिन का तापमान सबसे कम कुरुक्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान केवल 9 डिग्री रहा। धूप खिलने के बावजूद 2.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली बफीर्ली हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी। सर्दी के कारण स्कूलों में अवकाश रहा, जिससे बच्चों व उनके अभिभावकों को थोड़ी राहत भी मिली। रिकॉर्ड तोड़ सर्दी जानलेवा हाइपोथर्मिया समेत अन्य रोगों को बढ़ावा दे सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बच्चे, बूढ़ों, मरीजों के अलावा पशुओं का भी विशेष ख्याल रखें।
31 दिसंबर से 2 जनवरी तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा में 31 दिसंबर से 2 जनवरी के बीच गरज के साथ छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान ओले भी पड़ सकते हैं। मौसम साफ होने के बाद ही शीत लहर से राहत मिलने के आसार हैं।
रात का तापमान और गिरेगाहरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर तक मौसम परिवर्तनशील लेकिन खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
नारनौल 16.2 2.5
हिसार 12.2 3.3
रोहतक 11.0 3.4
सिरसा 12.3 4.3
भिवानी 14.3 4.8
अंबाला 9.1 5.3
फरीदाबाद 12.4 5.8
गुरुग्राम 11.7 5.8
कुरुक्षेत्र 9.0 5.8
करनाल 9.2 6.0


0 Comments