हरियाणा : सभी सरकारी कॉलेजों का नैक से एक्रिडेशन करवाएगी सरकार, योजना तैयार
12 दिसंबर 2819, 7:04 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार अगले साल 2020 तक सभी राज्य के सभी राजकीय महाविद्यालयों का नैक(नेशनल एसेसमैंट एंड एक्रिडेशन कांऊसिल) से एक्रिडेशन करवाएगी। इसके लिए एक योजना तैयार कर ली गई है। इसके अलावा, इन संस्थानों को एनआईआरएफ (नेशनल इंस्टीट्यूशनल रेंकिंग फ्रेमवर्क) से भी प्रमाण-पत्र लेने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने बताया कि हरियाणा का उच्चतर शिक्षा विभाग प्रदेश के सभी उच्चतर शैक्षिक संस्थानों में समग्र सुधार की दिशा में कार्य कर रहा है और वर्तमान स्थिति में अभूतपूर्व परिवर्तन करने के लिए प्रयासरत है। विभाग ने ह्यप्रयासह्ण नामक पोर्टल भी लांच किया है जो कि शैक्षिक संस्थानों की कमियों की पहचान करके उनको ठीक करने में सहायता करेगा। उन्होंने बताया कि इससे राजकीय महाविद्यालयों को नैक तथा एनआईआरएफ से एक्रिडेशन करवाने में मदद मिलेगी। शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रयास पोर्टल की ग्रेडिंग में जहां 9 सरकारी महाविद्यालयों को ए-प्लस ग्रेड, 24 महाविद्यालयों को ए तथा 30 महाविद्यालयों को बी-प्लस ग्रेड दिया गया है, सुधार की ओर यह एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की कोशिश है कि वर्ष 2020 तक राज्य के सभी राजकीय महाविद्यालय नैक-ग्रेड हासिल कर सकें तथा साथ ही देश के टॉप-100 संस्थानों में से हरियाणा के कम से कम 5 संस्थान एनआईआरएफ का प्रमाण-पत्र लेने में भी सफल हो सकें।


0 Comments