हरियाणा : अब हर खंड में खुलेगा मॉडल संस्कृति स्कूल


हरियाणा : अब हर खंड में खुलेगा मॉडल संस्कृति स्कूल



  12 दिसंबर 2019, 8:34 PM
 संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार ने अगले साल तक राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक संस्कृति मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। वर्तमान में राज्य के सभी 22  जिलों में ऐसा एक-एक स्कूल संचालित है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले दो वर्षों में सक्षम घोषणा पर किए गए कार्यों की सराहना की और डिजिटल हस्तक्षेप (सेवा पुस्तकाएं, सक्षम अध्यापक एप्प, चाकलिट) को प्रोत्साहित किया। उन्होंने विज्ञान तथा अन्य संकायों में विद्यार्थियों के दाखिला अनुपात का पता लगाने के लिए सर्वेक्षण करवाने के भी निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों की रुचि का पता लगाया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री सक्षम छात्रवृत्ति पहल के लिए अनुमोदन प्रक्रिया को तेज करने के भी निर्देश दिए। बैठक में यह बताया गया कि कुल 119 ब्लॉकों में से 107 ब्लॉकों को सक्षम और 86 प्रतिशत छात्रों को ग्रेड-स्तर का सक्षम घोषित किया गया है। यह भी बताया गया कि राज्य में ब्लॉक रिसोर्स पर्सन्स (बीआरपी) और असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स पर्सन्स (एबीआरपी) के 1300 से अधिक पदों पर अनुबंध आधार पर भर्ती की गई है। संरक्षक के रूप में कार्य करते हुए, बीआरपी और एबीआरपी स्कूलों में प्रतिदिन दो-अढाई घंटे बिताते हैं और विद्यार्थियों को दी जाने वाली शिक्षा पर नजर रखते हैं। यह सुनिश्चित करने के लिए सभी नए संरक्षकों को व्यापक प्रशिक्षण दिया गया है कि वे शिक्षकों को बेहतर सहयोग प्रदान करें। उन्हें इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परिणामों में सुधार के लिए अपनाई गई रणनीति और आगामी जनवरी और फरवरी में होने वाले सक्षम घोषणा दौरों के बारे में भी बताया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने 10 वीं एवं 12 वीं कक्षा के विद्यार्थियों को ग्रेस मार्कस देने की पुरानी प्रचलित प्रणाली को बंद कर दिया है ताकि परीक्षा परिणामों में सुधार लाया जा सके। इसके बावजूद भी विद्यार्थियों के परिणामों में काफी सुधार हुआ है।

पिछले 5 साल में खुले 29 नए गर्ल्ज कॉलेज
सीएम ने बताया कि राज्य सरकार उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रही है और वर्तमान राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में महिलाओं के लिए 29 कॉलेज खोले हैं जबकि पिछले 48 वर्षों में ऐसे केवल 31 कॉलेज खोले गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार राज्य की सामाजिक-आर्थिक आवश्यकता के अनुसार उच्चतर शिक्षा के विकास के लिए मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से हरियाणा उच्चतर शिक्षा परिषद का गठन किया गया है। उन्होंने टीम को विभिन्न राष्ट्रीय आकलनों और प्रत्यायनों के माध्यम से इन कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने पर व्यापक रूप से ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments