कोरोना संकट : इस मोबाइल एप्प पर आवेदन करो, आपके घर कैश देकर जाएंगे बैंक कर्मी


आप भी अपने मोबाइल में जरूर डाउनलोड कर लें यह ‘जनसहायक’ मोबाइल एप 



25 अप्रैल 2020, 11:47 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन 
चंडीगढ़। कोरोना संकट के इस दौर में प्रदेश सरकार लोगों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अब प्रदेश के बैंक उपभोक्ताओं को बैंक घर पर ही कैश डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध करवाएंगे। इसके लिए सरकार ने एक ‘जनसहायक’ (हेल्प मी) मोबाइल एप जारी की है। बैंक से घर पर कैश मंगवाने के लिए उपभोक्ताओं को यह मोबाइल एप्प अपने मोबाइल में डाउनलोड करनी होगी। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने ‘जनसहायक’ (हेल्प मी) मोबाइल ऐप के उपयोग के बारे में बताया कि ऐप एंड्रॉइड प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और यह हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि यह मोबाइल एप्लिकेशन विशेष रूप से कोरोना संकट में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए बनाई गई है, एंड्रॉइड प्ले स्टोर पर उपलब्ध एंड्रॉइड ओसिस पर काम करता है और किसी भी एंड्रॉइड आधारित स्मार्टफोन में कार्य करेगा, जिसका उद्देश्य राज्य के लोगों को बस एक क्लिक के माध्यम से सुविधा प्रदान करना है। यह ऐप जीपीएस युक्त है, इसका उद्देश्य हर व्यक्ति को समय पर आवश्यक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इसका उपयोग करने के लिए, उपयोगकर्ता को पहले प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करना होगा और उस पर पंजीकरण करना होगा। उन्होंने बताया कि यह ऐप लोगों को बैंकों से नकद की होम डिलीवरी का भी विकल्प प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का उपयोग करने के लिए, उपयोगकर्ता को इस विकल्प का चुनाव करना होगा, इसके बाद नकदी का वितरण पोस्टल बैंक के माध्यम से बिना किसी खर्च के पोस्टमैन या डाकिये के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने वैब पोर्टल के तकनीकि पहलुओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किस प्रकार लोकल कमेटियों द्वारा सर्वे का डाटा भरा जाना है और डिस्ट्रेस राशन टोकन जारी किए जाने हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजय वर्धन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी.के.दास, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस.एन.राय, विकास एवं पंचायत विभाग के प्रधान सचिव सुधीर राजपाल, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव अनुराग रस्तोगी के अतिरिक्त अनेक अधिकारी मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments