लोस चुनाव का खर्च 22 जून तक जमा करवा दें सभी उम्मीदवार
अधिकारियों ने प्रत्याशियों के साथ बैठकर लोकसभा चुनाव के खर्चों का मिलान किया
विसंगतियां ठीक करवाकर सारांश की कॉपी व शैड्यूल के साथ एफिडेविट जमा करवाने को कहा
मीडिया जंक्शन/Hisar Media Junction
हिसार। लोकसभा चुनाव लड़ने वाले जिन उम्मीदवारों ने अभी तक भी अपने चुनाव खर्च का ब्यौरा जमा नहीं करवाया है तो वे 22 जून तक हर हाल में चुनाव कार्यालय में इसकी जानकारी दे दें। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार मीणा बुधवारको यहां जिला सभागार में आयोजित अधिकारियों व राजनीतिक दलों की बैठक में दिशा-निर्देश दे रहे थे। इस दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए गए चुनाव खर्च का मिलान खर्च निगरानी समिति के शैडो रजिस्टर के साथ किया गया।
हिसार। जिला सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश देते उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार मीणा। फोटो : हिसार मीडिया जंक्शन
उपायुक्त ने प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों से कहा कि बैठक उम्मीदवारों की सुविधा के लिए बुलाई गई है ताकि वे अपने चुनाव खर्च का मिलान चुनाव शैडो रजिस्टर से करते हुए अपने व्यय के ब्यौरे को नियमानुसार व समय सीमा के भीतर सही करते हुए जमा करवा सकें। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी अपने चुनाव खर्च की एबस्ट्रक्ट पार्ट-1, 2 व 3 की कॉपी भी जमा करवाएं जिसमें श्रेणी के अनुसार खर्च का विवरण शामिल हो तथा खर्च की गई राशि का स्रोत भी दिया गया हो। इसके साथ प्रत्याशी शैड्यूल 1 से 9 तक भी भकर जमा करवाएं। एबस्ट्रक्ट व शैडयूल दोनों पर केवल प्रत्याशी के ही हस्ताक्षर हों जबकि बैंक स्टेटमेंट की कॉपी पर प्रत्याशी या एजेंट में से कोई भी अपने हस्ताक्षर कर सकता है। इन दस्तावेजों के साथ प्रत्याशी द्वारा हस्ताक्षर किया गया एफिडेविट भी जमा करवाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी चुनाव खर्च से संबंधित सभी अपेक्षित व निर्धारित दस्तावेज निर्धारित समयावधि से पहले चुनाव खर्च पर्यवेक्षक के नोडल अधिकारी डीईटीसी (सेल्स) के कार्यालय में जमा करवा दें। बैठक में चुनाव खर्च पर्यवेक्षक सुश्री सुबश्री व सीटीएम कम सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी चेतल, डीईटीसी (सेल) समीर यादव, चुनाव नायब तहसीलदार हनुमान दास, भाजपा से विजय कौशिक, कांग्रेस से विकास फुरसानी, जेजेपी से प्रभुदयाल जाखड़, इनेलो से कमलेश व सुरेश कोथ, सुभाष चंद्र, अनूप महता, बजरंग वत्स व प्यारेलाल सहित अन्य प्रत्याशियों के प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments