हुड्डा से 38 साल बाद खाली करवाई है दिल्ली की कोठी, अब चंडीगढ़ का फ्लैट नंबर 25 भी खाली करवाना है
राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने साधा निशाना
राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने साधा निशाना
रोहतक। राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि लोकसभा चुनाव में हमने पहले ही कह दिया था कि हम दीपेंद्र हुड्डा को चुनाव नहीं जीतने देंगे। अभी तो हमने 38 साल बाद लोकसभा में हराकर उनसे दिल्ली की कोठी खाली करवाई है। वे दिल्ली से होकर वाया चंडीगढ़ जाने की बात कहते थे। इस बार विधानसभा के बाद चंडीगढ़ में 25 नंबर का फ्लैट भी खाली करवाना है और उन्हें रोहतक के मॉडल टाउन में आराम से बैठाना है। मनीष ग्रोवर यहां संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट और सांसद संजय भाटिया के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। उन्होंने इस दौरान रोहतक में 28 व 29 जून को होने वाली भाजपा कार्यसमिति की बैठक को लेकर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए करनाल के सांसद संजय भाटिया ने बताया कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारियां की गई है। इसमें आने वाले कार्यकर्ताओं के पंजीकरण, स्वागत, भोजन, मंच, मीडिया, बैठक और उनके सहयोगियों को संभालने के लिए अलग-अलग विभाग बनाकर कार्यकर्ताओं को काम सौंप दिया गया है।भाटिया ने बताया कि इस बैठक में 1 हजार प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद, चेयरमैन, विस्तारक शामिल होंगे। भाटिया ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समागम होगा।


0 Comments