हिसार : ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगवाओ, 40 प्रतिशत अनुदान पाओ

ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट लगवाओ, 40 प्रतिशत अनुदान पाओ




मीडिया जंक्शन न्यूज

Jun 22, 2019, 08:22 AM 
हिसार। अतिरिक्त उपायुक्त एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के मुख्य परियोजना अधिकारी अमरजीत सिंह मान ने बताया कि नवीन व नवीकरणीय  उर्जा विभाग (हरेडा) द्वारा अब व्यक्तिगत लाभार्थियों, सामाजिक संस्थाओं, अस्पतालों, स्कूलों तथा सरकारी भवनों आदि में 1-100 किलोवाट क्षमता के ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट स्थापित करवाने पर 30 से 40 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए नवीन व नवीकरणीय उर्जा विभाग, हिसार के कार्यालय में 25 जून तक आवेदन जमा करवाए जा सकते हैं।
इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2019-20 के दौरान 250 लाख रुपये का अनुदान प्रदेशवासियों को दिया जाएगा। इस योजना से पूरे प्रदेश में 725 किलोवाट विद्युत उत्पादन होगा जिससे 10 लाख यूनिट प्रति वर्ष तक बिजली बचाई जा सकेगी। अत: ऐसे स्थान जहां पर अभी तक किसी भी कारण से बिजली नहीं पहुंच पाई या जहां बिजली की सप्लाई दिन के समय 2-3 घंटे या उससे भी कम रहती है, ऐसे स्थानों पर ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट ही कामयाब होते हैं तथा इनसे 24 घंटे बिजली प्राप्त की जा सकती है। ऐसे ऑफ-ग्रिड सोलर पावर प्लांट की अनुमानित लागत 1.10 से 1.20 लाख रुपये प्रति किलोवाट के अनुसार आती है। 


यहां जमा करवाएं आवेदन
इस प्रणाली की स्थापना करवाने वाले सामान्य नागरिकों को कुल लागत का 30 प्रतिशत तक तथा सामाजिक संस्थाओं, अस्पतालों, स्कूलों तथा सरकारी भवनों आदि को 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति अनुदान पर उपरोक्त सिस्टम लगवाने हेतु नवीन व नवीकरणीय उर्जा विभाग, हिसार के कार्यालय में 25 जून तक अपना आवेदन जमा करवा सकते है। इस बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इस विभाग के फोन नं. 01662-226384 पर संपर्क किया जा सकता है। 

Post a Comment

0 Comments