विस चुनाव : "मिशन 46" फतह को जेजेपी तैयार


विस चुनाव : "मिशन 46" फतह को जेजेपी तैयार

हिसार में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह कम्बोज ने किया ऐलान

हिसार मीडिया जंक्शन/Hisar Media Junction
हिसार। विधानसभा चुनाव के लिए जननायक जनता पार्टी ने भी कमर कस ली है  और इसके लिए पार्टी ने मिशन 46 का लक्ष्य रखा है। जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने मंगलवार को हिसार के अर्बन स्टेट स्थित दुष्यंत चौटाला के आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य के साथ पार्टी विधानसभा चुनावों में उतरेगी और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। लोकसभा चुनाव राष्ट्रवाद के मुद्दे पर लड़ा गया और मोदी के चेहरे के सामने कांग्रेस राहुल के चेहरे को रख नहीं पाई और यही कारण रहा है कि कांग्रेस अपने पिछले लोकसभा के प्रदर्शन में कोई ज्यादा सुधार नहीं कर पाई। इस अवसर पर जिला प्रधान जयपाल बांडाहेड़ी, पूर्व विधायक पूर्ण सिंह डाबड़ा, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, शहरी जिला प्रधान तरूण जैन, हलका प्रधान प्रहलाद सिंह सैनी, भरत सिंह, राजमल काजल, एडवोकेट मनदीप बिश्नोई, दलबीर पंवार, रवि आहुजा, सूबे सिंह सिवाच, महावीर खर्ब, कैप्टन छाजूराम, ईश्वर लौरा, विपिन गोयल, मोहित अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन मु्द्दों के लेकर चुनावी जंग में उतरेगी जेजेपी
जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनावों में राष्ट्रवाद का मुद्दा छाया रहा वहीं हरियाणा के विधानसभा के चुनावों मे रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की आर्थिक हालात, बढ़ते अपराध, अवैध खनन सहित अन्य स्थानीय मुद्दे हावी रहेंगे। जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जेजेपी आगामी चुनावों के लिए इन्हीं मु्द्दों के लेकर अपना विजन जनता के सामने रखेगी।


पूसा 1509 किस्म को न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाए सरकार
प्रदेश में गिरते भूजल स्तर को लेकर मुख्यमंत्री खट्टर द्वारा उठाए गए कदमों को लेकर प्रदेशाध्यक्ष ने नाकाफी बताया और चावल की फसल पर लगाई जा रही पूर्णत: पाबंदी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि धान पर पाबंदी थोपने की बजाय प्रदेश में कम समय पर और थोड़े पानी से पकने वाली धान की फसलों को प्रात्साहित करे। उन्होंने धान की पूसा 1509 का जिक्र करते हुए कहा कि यह फसल जुलाई में लगती है और बारिशें शुरू हो जाती हैं। यह किस्म कम समय में तैयार हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूसा 1509 किस्म को सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाए और न्यूनतम समर्थन मूल्य लगभग तीन हजार रूपये प्रति क्विंटल घोषित करे।

जेजेपी सत्ता में आई तो खत्म होगी डार्क जोन में धान न लगाने की शर्त

निशान सिंह कम्बोज ने कहा कि जेजेपी के सत्ता में आने पर डार्क जोन में किसानों को धान न लगाने की शर्त को खत्म करेगी और पूसा 1509 किस्म लगाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। प्रदेश में टयूबवैल लगाने की लगाई पाबंदी को भी जेजेपी सत्ता में आने पर समाप्त करेगी। युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित करेगी।


नाकामियां छिपाने में लगी है खट्टर सरकार
जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मनोहर खट्टर सरकार अपनी नाकामियां छिपाने में लगी हैं। प्रदेश में भाजपा के राज में कई जिलों में अवैध खनन जारी है और लोगों ने सुबूत के तौर पर इसकी विडियो भी जारी की हैं पर सरकार चुप बैठी है जाहिर है कि सरकार की इसमें मिलीभगत है।


Post a Comment

0 Comments