जिनके लिए बनी हैं योजनाएं, उन्हें जरूर मिलना चाहिए लाभ










जिनके लिए बनी हैं योजनाएं, उन्हें जरूर मिलना चाहिए लाभ 
नारनौंद में आयोजित सुशासन मेले में उमड़ी क्षेत्रवासियों की भारी भीड़

मीडिया जंक्शन न्यूज
नारनौंद। जिला प्रशासन द्वारा नारनौंद अनाज मंडी में आयोजित सुशासन मेले में सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का पहुंचना ही सुशासन है और इस तरह के मेले लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सुशासन मेले में जिला के सभी विभागों ने स्टाल लगाकर अपनी योजनाओं का प्रदर्शन किया और मेले में आए लोगों को योजनाओं व सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बारिश व खराब मौसम के बावजूद मेले में क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र व चेक आदि वितरित किए। उन्होंने उपमंडल के चार किसानों को 2-2 लाख रुपये अनुदान पर ट्रैक्टर भी भेंट किए। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पौधे भी भेंट किए गए। रेड क्रॉस सोसायटी ने रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह, युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, एसडीएम सुरेंद्र सिंह, डीआरडीए के सीईओ विकास यादव भी मौजूद थे। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी विभागों के माध्यम से सरकार अलग-अलग वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाती हैं लेकिन जानकारी के अभाव में अक्सर लोग इनका लाभ नहीं उठा पाते हैं। सरकार ने अंत्योदय सरल केंद्रों के माध्यम से आमजन को सेवाएं देनी शुरू की हैं ताकि आदमी का आदमी से संपर्क न रहकर तकनीकी माध्यम व पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ आमजन को मिल सके। इससे भ्रष्टाचार में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकरण करवाकर मजदूर वर्ग अनेक योजनाओं का फायदा ले सकता है वहीं पराली के उचित प्रबंधन के लिए सरकार कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है। उन्होंने धान में पानी की अत्याधिक खपत के कारण इसके स्थान पर अन्य फसलों की बिजाई करने का आह्वान भी किसानों से किया। धान के लिए जमीन से पानी निकालने से भूमिगत जल स्तर खतरनाक स्तर तक नीचे पहुंच गया है। उपायुक्त ने कहा कि इस प्रकार के सुशासन मेले जनता को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें मौके पर ही इनका लाभ प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और इनका लाभ उठाएं। ऐसे स्थानों पर आकर लोगों को ऐसे व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी मिलती है जो अपनी प्रगतिशील सोच के कारण लाखों रुपये सालाना कमा रहे हैं। इस अवसर पर डीआरओ राजबीर धीमान, सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया, डीडीपीओ अश्वीर सिंह, जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. साहिब गोदारा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. डीएस सैनी, डीएफएससी सुभाष सिहाग, सीएमजीजीए मोहित कुमार, योजना अधिकारी जगदीश दलाल, रेड क्रॉस सचिव रविंद्र लोहान, भाजपा नेता राजेंद्र लांबा, चेयरमैन राजेश पेटवाड़, सत्यपाल श्योराण, बलराज लोहान, सतपाल मल्हान, विस्तारक दिनेश गोयल, सत्यवान दुहन, रामस्वरूप डाटा, कमलेश लोहान व कपिल गुराना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आगे भी लगते रहेंगे सुशासन मेले 
अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान ने कहा कि पहले लोग योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाते थे लेकिन अब सुशासन मेलों के माध्यम से योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचने लगा है, जो छोटी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के मेलों का आयोजन किया जाएगा ताकि जन-जन तक योजनाओं की जानकारी व इनका लाभ पहुंचाया जा सके। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने सभी अतिथिगण का स्वागत व आभार व्यक्त किया।

कई योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही  मिले चेक 
इस अवसर पर उपायुक्त ने आपकी बेटी हमारी बेटी, बुढापा पेंशन, मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, आयुष्मान भारत योजना, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा जैसी कई योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही चेक व प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों का पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे भी वितरित किए गए।


भाजपा नेता अजय सिंधु ने जताया जिला प्रशासन का आभार 
युवा भाजपा नेता अजय सिंधु ने प्रशासन द्वारा सफल सुशासन मेला आयोजित करवाने पर उपायुक्त व अन्य अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को भी आना था लेकिन चंडीगढ़ में केबिनेट मीटिंग के कारण वे आ नहीं सके। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग जैसे कुछ विभागों में तो 25-25 योजनाएं चल रही हैं लेकिन सभी लोगों, विशेषकर ग्रामीणों को इनके संबंध में जानकारी नहीं है जिससे वे इनका पूरा लाभ नहीं उठा पाते। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में भी पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है। आमजन को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करके इनका लाभ उठाना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments