कैथल : 20 एकड़ में 2023 तक बनकर तैयार होगा मेडिकल कॉलेज

मेडिकल कॉलेज की मंजूरी मिलने पर राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने सीएम का जताया आभार 



11 फरवरी 2020, 8:18 PM 
हरियाणा मीडिया क्शन न्यूज 
चंडीगढ़। कैथल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण 20 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। राज्य सरकार का प्रयास रहेगा कि वर्ष 2023 तक इन सभी तीनों मेडिकल कॉलेजों को संचालित कर दिया जाए। कैथल में एक मेडिकल कॉलेज खोले जाने की स्वीकृति प्रदान करने पर हरियाणा की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करने के उपरांत जानकारी दे रही थी। उन्होंने कहा कि कैथल में मेडिकल कॉलेज खोले जाने से क्षेत्र के लोगों को उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ बेहतर चिकित्सा सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। कमलेश ढांडा ने आज यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनके निवास स्थल पर भेंट की तथा कैथल में मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति प्रदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा हरियाणा के तीन जिलों नामत: यमुनानगर, कैथल तथा सिरसा में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कैथल में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। यहां यह उल्लेखनीय है कि कैथल जिले में लंबे अर्से से जनता की तरफ से मेडिकल कॉलेज की मांग की जा रही थी। इस मांग को मद्देनजर रखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कैथल जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति प्रदान की है। इससे क्षेत्र में अधिक से अधिक डाक्टरों की उपलब्धतता सुनिश्चित होने के साथ-साथ लोगों को उनके घर-द्वार पर ही उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं भी मिलेंगी।

325 करोड़ की आएगी लागत
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री ने बताया कि केन्द्र सरकार के सहयोग से बनाए जा रहे इन मेडिकल कॉलेजों के निर्माण पर लगभग एक हजार करोड़ रुपए की राशि होगी और इस राशि में से प्रत्येक मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर 325 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी। उन्होंने कहा कि इन तीन मेडिकल कॉलेजों के खुल जाने के बाद वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में खोले गए मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 13 हो जाएगी।

Post a Comment

0 Comments