सांसद बृजेंद्र बोले, मीडिया के एक तबके ने मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया
मीडिया जंक्शन समाचार
हिसार। हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मैं जनता की सेवा करने के लिए ही आईएएस की नौकरी छोडकर राजनीति में आया हूं। हांसी में दिए गए मेरे बयान को मीडिया के एक तबके द्वारा तोड़-मरोडकर गलत तरीके से जनता के सामने पेश किया गया है। मेरे बयान को समझे बिना, राजनीति से प्रेरित होकर कुछ लोगों ने इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया है। यहां जारी एक बयान में सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने जनता का कोई काम नहीं करवाने जैसी कोई बात नहीं कही। मेरा असल बयान था कि सांसद या विधायकों का काम ही जनता की आवाज व उनके मुद्दों को उठाना होता है, चाहे वह लोकसभा या विधानसभा में हो अथवा अधिकारियों के सामने। किसी भी समस्या अथवा कार्य को क्रियान्वित करने का काम कार्यपालिका का होता है। अगर हांसी शहर की कोई भी समस्या है तो मैं उसे अधिकारियों के समक्ष उठाकर उसका हल करवाऊंगा। अपने बयान में उन्होंने कहा कि मैं जनता के आशीर्वाद से संसद तक पहुंचा हूं, जनता से दूर कैसे हो सकता हूं। नौकरी छोडकर हिसार का सांसद मैं जनता के लिए ही बना हूं। मुझे अगले पूरे पांच साल तक जनता के हितों के लिए काम करना है। जनता से जुड़े किसी भी कार्य को करने से मैं कैसे मना कर सकता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रचंड जीत के बाद से ही विपक्षी पार्टियों में अफरातफरी मची हुई है। विपक्षी नेता जनता को बरगलाने के लिए झूठे मुद्दे गढ़ रहे हैं। इसी के चलते मेरे खिलाफ निम्र स्तर की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से बयानों को तोड़-मरोडकर प्रस्तुत करने से सच्चाई छिप नहीं सकती है। मेरे परिवार ने अब तक ईमानदारी से राजनीति की है। मैं भी ईमानदारी से सर छोटूराम की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनता के लिए ही राजनीति में आया हूं और सदैव जनता के लिए ही काम करूंगा।


0 Comments