कम पानी में कैसे लें अधिक पैदावार, आप भी जान लें तलवंडी रुक्का में पर ड्रोप-मोर क्रॉप विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित
मीडिया जंक्शन समाचार
हिसार। उद्यान विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रोप मोर क्रोप विषय पर हिसार प्रथम खंड के गांव तलवंडी रुक्का में एक दिवसीय जागरुकता कैंप आयोजित किया गया। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए बागवानी विभाग द्वारा किसानों को जागरूक करने के लिए लगातार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। बागवानी विभाग द्वारा यह 8वां कैंप लगाया गया जिसमें उद्यान विकास अधिकारी डॉ. विशाल गुप्ता ने किसानों को पानी बचाने के तरीकों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने किसानों को टपका सिंचाई व फव्वारा सिंचाई प्रणाली से कम पानी में अधिक पैदावार लेने की तकनीक के बारे में बताया। उन्होंने सभी किसानों से आह्वान किया कि ज्यादा से ज्यादा सिंचाई ड्रिप फव्वारा तकनीक से की जाए ताकि खेती के लिए पानी की बचत की जा सके और ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र को सिंचित किया जा सके। जागरुकता कैंप में बताया गया कि उद्यान विभाग द्वारा टपका सिंचाई संयंत्र लगवाने के लिए सरकार लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 70 प्रतिशत व बड़े किसानों के लिए 60 प्रतिशत एवं अनुसूचित जाति के किसानों के लिए 85 प्रतिशत अनुदान दे रही हंै। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने पर भविष्य में पानी की बचत हेतु सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली लगाना किसान के लिए बहुत आवश्यक है। इसी प्रकार हमे घरों में भी दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाले पानी का सदुपयोग करना चाहिए ताकि भविष्य में हमारी आने वाली पीढ़ी को पानी की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने उद्यान विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारें में भी किसानो को विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को फल-फूल और सब्जी की खेती अपनाने पर जोर दिया ताकि किसानों की आमदनी ज्यादा से ज्यादा बढ़ सके। इस अवसर पर डॉ. विक्रम सिंह एवं नैटाफेम कंपनी प्रतिनिधि रणधीर सिंह ने भी किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली एवं रख रखाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने किसानों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली व फव्वारा सिंचाई अपनाने पर जोर दिया।

0 Comments