लो जी, अब सरकारी अस्पताल में भी आ गई हाईटेक सीटी स्कैन मशीन, प्राईवेट अस्पतालों से आधे से भी सस्ते दामों में करवाएं टैस्ट


लो जी, अब सरकारी अस्पताल में भी आ गई हाईटेक सीटी स्कैन मशीन, प्राईवेट अस्पतालों से आधे से भी सस्ते दामों में करवाएं टैस्ट
विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का किया उद्घाटन 

Media Junction 
हिसार। अब हिसार के नागरिक अस्पताल में भी मरीज हाईटेक सीटी स्कैन मशीन से निजी अस्पतालों के मुकाबले आधी से भी कम कीमत पर टेस्ट करवा सकेंगे। क्योंकि  हिसार नागरिक अस्पताल में  भी अब लगभग 2.5 करोड़ रुपये लागत की अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन आ चुकी है। विधायक डा कमल गुप्ता ने बताया कि पहले सीटी स्कैन सुविधा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं थी लेकिन मौजूदा राज्य सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य के मद्देनजर अब नागरिक अस्पतालों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई है। यह राज्य सरकार की लोगों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता को दर्शाती है। उनहोंने कहा कि अब तो नागरिक अस्पतालों में डायलिसिस तक की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पिछली सरकारों के कार्यकाल के मुकाबले इस सरकार के समय में ओपीडी की संख्या में बढ़ोतरी हुई है जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का विश्वास झलकता है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि इस सीटी स्कैन मशीन के लगने से मरीज की गंभीर बीमारी व शरीर के आंतरिक रोगों की पहचान में बहुत मदद मिलेगी और रोग का उपचार करने में आसानी होगी। इस मशीन को सिविल सर्जन की देखरेख में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत संचालित किया जाएगा। बीपीएल, अनुसूचित जाति, हरियाणा सरकार के कर्मचारी व पेंशनर्स सभी को इस मशीन की सुविधा निशुल्क उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन से सीटी हैड टेस्ट के लिए 1030 रुपये चार्ज किए जाएंगे जबकि यह टेस्ट निजी अस्पतालों में लगभग 3 हजार रुपये कीमत में होता है। इसी प्रकार सीटी चेस्ट व सीटी एबडोमेन (पेट संबंधी) टेस्ट जैसे कई प्रकार की जांच के लिए नागरिक अस्पताल में निजी के मुकाबले लगभग 50 प्रतिशत सस्ती सुविधा मिलेगी। अब सडक़ दुर्घटना के शिकार व्यक्तियों को अनेक प्रकार के टेस्ट आदि की सुविधा यहीं उपलब्ध होगी जिसके लिए पहले उन्हें अग्रोहा स्थित महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता था। इस मशीन की इमेज क्वालिटी बहुत अच्छी है जिससे चिकित्सक को मरीज का इलाज करने में आसानी होगी।

Post a Comment

0 Comments