हम कसम खाते हैं, जीवन में कभी नहीं करेंगे नशा


हम कसम खाते हैं, जीवन में कभी नहीं करेंगे नशा
सीजेएम ने आईटीआई के छात्रों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के प्रति किया जागरूक

Media Junction 
हिसार। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार व जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण कुमार सिंघल तथा सीजेएम सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस व अवैध तस्करी पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय आईटीआई में किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीजेएम सुरेंद्र कुमार ने छात्रों व अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मानवता के लिए अभिशाप है। नशा समाज व देश के लिए गंभीर विषय बनता जा रहा है क्योंकि देश की युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है। उन्होंने छात्रों से आह्वïान किया कि युवाओं में शारीरिक, मानसिक व सामाजिक बदलाव आता है जिसका समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्रों से नशे की लत से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों व जानकारों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें ताकि देश में नशाखोरी की समस्या को जड़ से मिटाया जा सके।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी लत है जिसकी जद में आने पर उससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। लेकिन व्यक्ति यदि दृढ़ इच्छाशक्ति रखे और संकल्प कर ले तो नशे का इलाज हो सकता है। उन्होंने कहा कि नशे का शिकार व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है और उसके सोचने समझने की शक्ति क्षीण हो जाती है। नशे की प्रवृति व्यक्ति को अपराध की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने सभी छात्रों से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने का आह्वïान किया। उन्होंने नशाखोरी करने वाले वाले लोगों को कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सभी छात्रों व अध्यापकों को अपने जीवन में कभी भी नशा न करने तथा नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर आईटीआई की प्राचार्य प्रेम किरण व अन्य अध्यापक भी मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments