सराहनीय।जोश, जुनून व उत्साह के साथ मनाया गया जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : योग मुद्रा में हिसार
हजारों प्रतिभागियों ने गणमान्य व्यक्तियों के साथ किया योगाभ्यास
मीडिया जंक्शन न्यूज
Jun 21, 2019, 04:05 AMहिसार। योग शरीर, मन एवं आध्यात्मिक शक्ति का संतुलन व अभ्यास है जो भारतवर्ष की 5000 वर्ष से भी पुरानी पद्घति है। योग भारतीय जीवन पद्घति का आधार रहा है। योग भारतीय संस्कृति का प्रतीक है जो लोगों को जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता दिलवाकर विश्व भर में भारत का गौरव बढ़ाया है। सांसद बृजेंद्र सिंह ने आज महाबीर स्टेडियम में पांचवें अंतर्राष्टï्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थितगण को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने मेयर गौतम सरदाना, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक शिवचरण, अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान सहित हजारों विद्यार्थियों और गणमान्य शहरवासियों के साथ बैठकर योगाभ्यास व प्राणायाम किए। उन्होंने योग विधाओं का प्रदर्शन करने वाली टीमों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रो. मंदीप मलिक, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सुशीला, सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया, जिला खेल अधिकारी रणधीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नीता अग्रवाल, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु, डॉ. महेंद्रपाल बंसल, भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी मुकेश कुमार, पार्षद अनिल सैनी, कार्यक्रम संयोजक प्रवीण पोपली, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश गोयल, प्रबंधक राजबहादुर आर्य, ओएसजीयू के वीसी प्रो. देवेंद्र पाठक, प्रो वीसी डॉ. पूनम गोयल, जीसी नारंग, कुलदीप सिंह, डॉ. मुकेश, डॉ. नरेश, डॉ. सुखबीर, पतंजलि से देवकीनंदन भाटिया, विनय मल्हौत्रा, बलराज मलिक, मांगेराम, अजीत शर्मा, अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
बच्चों से बुजुर्गों तक ने की भागीदारी
योग दिवस का शुभारंभ महाबीर स्टेडियम मैदान में हवन-यज्ञ के साथ किया गया। तदुपरांत सांसद बृजेंद्र सिंह, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा व पुलिस अधीक्षक शिवचरण सहित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी वीरेंद्र बडाला, आयुष विभाग की योग प्रशिक्षिका डॉ. पूजा, कविता शर्मा व डॉ. सत्या सावंत ने उपस्थितगण को योगासन व प्राणायाम करवाए। कार्यक्रम में 3 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक के बुजुर्गों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी की।
योग से बढ़ा भारत का गौरव
मुख्यातिथि सांसद बृजेंद्र सिंह ने उपस्थितगण को संबोधित करते हुए कहा कि योग शारीरिक बीमारियों व मानसिक विकारों के समाधान का प्राकृतिक माध्यम है। भारत में हजारों वर्षों पूर्व ही ऋषि-मुनियों ने योग की खोज की और इसके महत्व को देखते हुए जन-जन तक इसका प्रचार-प्रसार किया। यही कारण है कि आज विश्व ने योग के महत्व को स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतर्राष्टï्रीय योग दिवस के रूप में मनाते हुए इसका अनुसरण भी किया है। योग किसी जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा या संप्रदाय विशेष से संबंधित न होकर समूची मानव जाति के कल्याण के लिए है। भारत अनेकता में एकता का अनुपम उदाहरण है और योग के विविध क्रियाकलापों की भांति यहां की संस्कृतियों का मेल इसकी एकता का प्रतीक है।
उपायुक्त ने समझाई योग की व्याख्या
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जीवन में योग के महत्व, अष्टïमार्ग के दर्शन, तीनों योग तथा इनसे होने वाले लाभ की विस्तार से व्याख्या की। उन्होंने कहा कि योग के महत्व का आकलन इस बात से किया जा सकता है कि आज पूरा विश्व योग को अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग एक दर्शन है जो महर्षि पतंजलि ने विश्व को दिया। भारत को वैश्विक ख्याति दिलाने में भी योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि योग का केवल शारीरिक ही नहीं, आध्यात्मिक महत्व भी है। उन्होंने उन्होंने आमजन से आह्वïान किया कि वे योग को अपने जीवन में शामिल करें और बीमारियों के साथ-साथ मानसिक चिंता से भी मुक्त होकर स्वस्थ जीवन जीएं।
ये योगासन व प्राणायाम करवाए
लगभग डेढ़ घंटे चले कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ग्रीवाचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन व त्रिकोणासन, बैठकर करने वाले दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्टï्रासन, उष्टï्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूक व वक्रासन, पेट के बल लेटकर किए वाले मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पीठ के बल लेटकर किए वाले सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन व शवासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी व ध्यान का अभ्यास करवाते हुए संकल्प व शांति पाठ करवाया गया।
योग टीमों ने दिखाए अद्भुत करतब
इस अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति, आर्यनगर की दो टीमों ने योग के हैरतअंगेज करतब दिखाकर उपस्थितगण को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यातिथि ने कार्यक्रम में उल्लेखनीय सहयोग करने वाली संस्थाओं व अधिकारियों को स्मृति चिह्नï भेंट कर सम्मानित किया। रामनिवास शर्मा ने सफल मंच संचालन किया।




0 Comments