इंतजार खत्म। 45 किमी. लंबे रेल मार्ग के लिए भारतीय रेलवे व हरियाणा सरकार के बीच हुए हस्ताक्षर, डीपीआर का काम जारी
सीधा चंडीगढ़ रेल मार्ग से जुड़ जाएगा हिसार
हांसी-नारनौंद-जींद रेल लाइन पर बन सकते हैं 11 स्टेशन
मुख्य स्टेशन नारनौंद तो चार हो सकते हैं हॉल्ट स्टेशन हिसार मीडिया जंक्शन/संदीप कम्बोज
हिसार। आजादी के बाद से ही रेल लाइन की बाट जोह रहे नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के लोगों का सपना अब जल्द ही पूरा होने वाला है। परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है। डीपीआर का काम पूरा होते ही जल्द ही 900 करोड़ की लागत वाले हांसी-नारनौंद-जींद रेल लाइन प्रोजेक्ट पर जमीन अधिग्रहण संबंधी काम शुरु हो जाएगा। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि इस रेलवे लाइन प्रोजेक्ट को लेकर भारतीय रेलवे व हरियाणा सरकार के मध्य हस्ताक्षर हो चुके हैं।डीपीआर का काम जारी है। प्रोजेकट के तहत हांसी व जींद के मध्य 45 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन बिछाई जानी है । रेलवे सूत्र के अनुसार इस रेल लाईन पर 11 गांवों में रेलवे स्टेशन बनाए जा सकते हैं। प्रोजेक्ट पूरा हो जाने के बाद हिसार सीधे तौर पर चंडीगढ़ से जुड़ जाएगा। 2017 के रेल बजट में मंजूरी मिलने के बाद से ही रेल लाइन प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में था लेकिन अब डीपीआर का काम पूरा होने के बाद प्रोजेक्ट रफ़तार पकड़ लेगा। यह रेलवे लाइन ज्वाइंट वेंचर होगी, जिसमें एक हिस्सा रेलवे की ओर से दिया जाएगा। दूसरा हिस्सा हरियाणा सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार किसी निजी कंपनी को भी भागीदार बना सकती है। प्रदेश के वित्तमंत्री व नारनौंद विधायक कैप्टन अभिमन्यु ने इस रेल लाइन के लिए प्रयास किए थे, जिसके बाद 2014-15 के रेल बजट में इसे मंजूर किया गया था। इस रेल लाइन के लिए मार्च 2015 में सर्वे किया गया, जिसमें रेलवे लाइन की फिजिबिलिटि पाई गई थी। तत्कालीन डीसी डॉ. चंद्रशेखर खरे ने 12 जनवरी 2016 को रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीडी गर्ग को पत्र लिखकर सर्वे कंप्लीट होने की जानकारी भेजी थी। तत्कालीन डीआरओ राजबीर धीमान ने यह सर्वे कराया था।
चिह्नित की जा चुकी है जमीन
रेलवे सूत्र की मानें तो प्रस्तावित रेल लाइन हांसी से जींद जाने वाले स्टेट हाइवे के साथ हो सकती है। राजस्व विभाग की ओर से 2015 में यह सर्वे किया गया था। सर्वे रिपोर्ट रेलवे को भेजी गई थी जिसमें अधिग्रहीत की जाने वाली जमीन को भी चिह्नित किया जा चुका है।
चंडीगढ़ से सीधे जुड़ जाएंगे हिसार हांसी व नारनौंद
यह 45 किलोमीटर रेल लाइन बनने के बाद हिसार जींद से सीधे जुड जाएगा। हिसार के लोग हांसी, जींद ,कैथल, कुरुक्षेत्र होते हुए चंडीगढ़ के लिए सुविधा मिल जाएगी। हिसार से दिल्ली के लिए दूसरा वैकल्पिक रूट भी मिल जाएगा। हिसार, हांसी, जींद, सोनीपत होते हुए दिल्ली जा सकेंगे। अब तक हिसार रेल मार्ग के जरिए चंडीगढ़ से नहीं जुुड़ा है।
उत्तर व दक्षिण हरियाणा को जोडेगी लाइन
यह रेलवे लाइन उत्तर व दक्षिण हरियाणा को जोड़ेगी। गुरुग्राम, रेवाड़ी, भिवानी की रेल लाइन हांसी, जींद होते हुए कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला से जुड़ जाएंगे। पूरे हरियाणा को अलग वैकल्पिक रूट मिल सकेंगे। जींद हरियाणा के मध्य में होने के कारण इस लाइन से सभी को फायदा होगा।
यहां बन सकते हैं संभावित रेलवे स्टेशन
शेखपुरा
गंगनखेड़ी
ढाणी ब्राह्मण
राजपुरा
माढ़ा
माजरा प्याऊ
नारनौंद
भैणी अमीरपुर
राजथल
गुलकनी
इक्कस


0 Comments