JOBS : इंतजार खत्म, आईटीआई प्रशिक्षुओं को एक हफ्ते में मिलेगी अप्रेंटिसशिप नियुक्ति

इंतजार खत्म, आईटीआई प्रशिक्षुओं को एक हफ्ते में मिलेगी अप्रेंटिसशिप नियुक्ति   

सीटीएम शालिनी चेतन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश

मीडिया जंक्शन न्यूज

Jun 24, 2019, 10:35 PM
हिसार। अप्रेंटिसशिप नियुक्ति की बाट जोह रहे आईटीआई विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। एक सप्ताह के भीतर इन्हें विभिन्न विभागों में अप्रेंटिसशिप पर नियुक्ति मिल जाएगी। सीटीएम शालिनी चेतन ने सभी अधिकारियों को अलगे एक सप्ताह के भीतर निर्धारित संख्या में आईटीआई विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप पर रखने के निर्देश दिए।  सीटीएम शालिनी चेतल ने बताया कि नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के तहत प्रदेश सरकार ने योजना बनाई है कि सभी सरकारी विभागों में कुल कार्यरत स्टाफ के कम से कम 2.5 प्रतिशत के बराबर आईटीआई पास विद्यार्थियों को प्रशिक्षण पर रखा जाएगा। इसके तहत पूर्व में कई बैठकें हो चुकी हैं और यह कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी ली कि किस विभाग ने अब तक अपने यहां कितने विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप पर रखा है। उन्होंने कहा कि योजना के अनुसार अप्रेंटिसशिप पर रखे जाने वाले विद्यार्थियों को विभाग के माध्यम से सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त करने का उचित अवसर मिलने के साथ-साथ विभागों को भी अपने कार्यों के संचालन में मदद के लिए कर्मचारी उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि विभागों में रखे जाने वाले सभी विद्यार्थियों की प्रतिदिन सही हाजिरी लगवाना भी जरूर सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अप्रेंटिसशिप विद्यार्थियों के संबंध में प्रतिमाह अपने मुख्यालय में भेजी जाने वाली रिपोर्ट की एक-एक प्रति आईटीआई व उपायुक्त कार्यालय में भी जरूर भिजवाएं।

Post a Comment

0 Comments