हम कसम खाते हैं, न नशा करेंगे न करने देंगे

जागरुकता। बाल भवन में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस 

हम कसम खाते हैं, न नशा करेंगे न करने देंगे
नशा न करने व नशे को समाज से खत्म करने की दिलवाई शपथ

Media Junction 
हिसार। जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आज बाल भवन में अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थितगण को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए उनसे नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया गया। इस दौरान मौजूद सभी व्यक्तियों को नशा न करने तथा समाज से नशे को खत्म करने में योगदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमित पवार ने उपस्थितगण को बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति  ही नहीं बल्कि समाज और देश, सबके लिए घातक है। नशे से ग्रस्त व्यक्ति का परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच जाता है और उसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शौक में शुरू किया गया नशा धीरे-धीरे लत बन जाता है जिससे छुटकारा पाना बहुत मुश्किल हो जाता है। इसलिए हर व्यक्ति को नशे की बुराई से दूर रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि ब्रह्मकुमारी राजयोग सेंटर से बहन सुदेश कुमारी व लुवास के प्रोफेसर डॉ. राकेश कुमार ने भी आमजन को नशे की बुराई के भयंकर परिणामों से अवगत करवाते हुए इससे बचने की सलाह दी। जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि परिषद द्वारा समय-समय पर समाज की जागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि लोग इनसे प्रेरणा ले सकें। लोक संपर्क विभाग के कलाकारों ने नशे के खिलाफ भावपूर्ण गीत व मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंच संचालन प्रधानाचार्य डॉ. राज चोटानी ने किया। इस दौरान उपस्थितगण को नशे से बचने व समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलवाई गई।


Post a Comment

0 Comments