10 मिनट मुर्गा बनकर वीडियो जारी करके दिखाएं सीएम मनोहर लाल

10 मिनट मुर्गा बनकर वीडियो जारी करके दिखाएं सीएम मनोहर लाल, देखते हैं कितना दिमाग तेज होता है

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने स्कूलों में विद्यार्थियों के उठक-बैठक योग पर कसा तंज

मीडिया जंक्शन समाचार
रोहतक। हरियाणा बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए सुपर ब्रेन (उठक-बैठक योग) को आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने खट्टर सरकार का गैरजिम्मेदाराना फैसला करार दिया है। जयहिंद ने कहा कि अगर इससे दिमाग तेज होता है तो मुख्यमंत्री मनोहरलाल हर रोज 10 मिनट मुर्गा बन कर वीडियो जारी करें।शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व खेल मंत्री अनिल विज कान पकड़ कर उठक – बैठक लगाएं ताकि इनका दिमाग तेज हो और हरियाणा की जनता का भला कर सके। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वे स्वयं खेलों से सम्बधित रहे है व शिक्षा भी इसी क्षेत्र में ग्रहण की। आज तक किसी भी किताब में ये नही लिखा कि खाना खाने के बाद व्यायाम या योग करें। बल्कि खाना खाने के बाद बच्चों को 4 घंटे तक कोई भी एक्सरसाइज नही करनी चाहिए। जिस भी किसी ने ये सर्कुलर तैयार किया है उसे स्वास्थ्य व व्यायाम की कोई जानकारी नही है। यहां तक की मुख्यमंत्री व मंत्रियों को इसके बारे में कोई ज्ञान नहीं है। इस तरह के फैसले न सिर्फ बेतुके है बल्कि सरकार बच्चों के स्वास्थ्य के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ कर रही है। सरकार कल को एक्यूप्रेशर के नाम पर बच्चों को डंडे से पिटाई के फरमान भी जारी कर सकती है। लेकिन बच्चों से पहले मुख्यमंत्री खट्टर, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा , खेल मंत्री अनिल विज खुद पर ये तुगलकी फरमान अपना कर दिखाए।बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ट ने प्रयोगात्मक रुप से सुपर ब्रेन योग (उठक-बैठक) लागू किया है। यह फिलहाल सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल में सुबह की प्रार्थना में करवाया जा रहा है, जिसमें बच्चे 14 बार उठक-बैठक करते हैं। बोर्ड सचिव का कहना है कि सुपर ब्रेन योग की शुरुआत हिन्दुस्तान में बहुत पहले हुई थी और अब समय आ गया है कि हमारे देश की प्राचीन परंपराओं को एक बार फिर से जागृत किया जाए। उनका कहना है कि इससे यादाशत तेज होती है।

Post a Comment

0 Comments