हरियाणा : अब महंगा पड़ सकता है शराब पीकर वाहन चलाना, होगा इंपाउंड

हरियाणा : अब महंगा पड़ सकता है शराब पीकर वाहन चलाना, होगा इंपाउंड

मीडिया जंक्शन न्यूज

चंडीगढ़। हरियाणा में शराब पीकर वाहन चलाना अब महंगा पड़ सकता है। शराबी चालकों का अब न केवल चालान होगा, बल्कि वाहन भी इंपाउंड कर लिया जाएगा। सरकार चंडीगढ़ की तर्ज पर इसके लिए पॉलिसी लेकर आएगी। जबकि हाइवे पर वाहन चेकिंग के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए पुलिस अब यातायात नियमों के तहत चल रहे वाहन को हाइवे के बीच में नहीं रोकेगी। केवल वही वाहन चेकिंग के लिए रोके जाएंगे, जिन वाहनों ने ट्रैफिक रूल्स तोड़े हैं या तोड़कर चल रहे हैं। ताकि यातायात नियमों का पालन न करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।परिवहन मंत्री ने बताया कि पिछले छह महीने में यातायात नियमों की पालना न करने वाले वाहन चालकों के 1952 लाइसेंस कैंसिल कर दिए हैं।

खनन प्वाइंट पास ही होगा लोडेड वाहनों का वजन
प्रदेश में खनन के पास ही लोडेड वाहनों का वजन कराया जाएगा। यदि वाहन ओवरलोडेड है तो तुरंत वहीं पर वाहन से अतिरिक्त लोड उतार दिया जाएगा। परिवहन विभाग इसके लिए पंचायतों से जमीन लेगी। वहीं पर 25 से 30 मजदूर रहेंगे, ताकि वाहनों को अनलोड करने में देरी न हो। यदि सामान खराब होने वाला होगा, तो समीप के वेयरहाउस में रखवा दिया जाएगा। दो महीने में यह योजना अमल में लाई जाएगी। ऐसे में ओवरलोड वाहन सड़कों या बस्तियों के बीच में नहीं पहुंच पाएंगे। यही नहीं सभी टोल प्लाजा पर भी टीमें ओवरलोड को चेक करेंगी, यदि वाहन ओवरलोड मिला तो तुरंत कार्रवाई होगी। सीसीटीवी से भी टोल पर नजर रखी जाएगी।

प्रदेश में अभी भी 106 ब्लैक स्पॉट
प्रदेश में पिछले साल जहां 1662 ब्लैक स्पॉट थे, इनमें से 1556 को दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन अभी भी 106 बाकी हैं। इन्हें जल्द दूर करने के आदेश दिए गए हैं। जहां भी बिजली का पोल वाहनों की आवाजाही में अवरोधक बन रहा है, वहां से पोल को तुरंत हटाया जाएगा। इसके लिए बिजली निगम को आदेश दिए गए हैं। जहां कोई वाहन खराब होगा, पुलिस वहां नजर रखेगी, ताकि पीछे से आने वाले वाहनों को पहले से सचेत किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments