तैयारी : निष्पक्ष तरीके से होंगे विधानसभा चुनाव, कोई गड़बड़ी नहीं चलेगी

तैयारी : निष्पक्ष तरीके से होंगे विधानसभा चुनाव, कोई गड़बड़ी नहीं चलेगी 
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने चुनाव से जुड़े अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण



16 सितंबर 2019, 5:34 PM 
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
हिसार। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि मई में हुए लोकसभा आम चुनाव की तरह ही आगामी विधानसभा चुनाव भी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से आयोजित करवाया जाएगा। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उपायुक्त ने यह बात आज जिला सभागार में विधानसभा चुनाव के लिए गठित की गई विभिन्न कमेटियों के सदस्यों के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सभी कमेटियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी देते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया।उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है। भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शानुसार विधानसभा चुनाव के लिए कमेटियां गठित कर दी गई हैं और अब सभी कमेटियों के सदस्यों को प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव खर्च समिति द्वारा प्रत्याशियों के खर्च का विवरण तैयार किया जाएगा। इस कमेटी द्वारा इस बार चुनाव खर्च व शैडो रजिस्टर की आॅनलाइन एंट्री की जाएगी। चुनाव खर्च की मोनिटरिंग भी आॅनलाइन की जा सकेगी। पिछली बार हिसार जिला में शुरू किए गए इस प्रयोग की चुनाव आयोग ने भी प्रशंसा की थी और इस बार इसे अन्य स्थानों पर भी लागू किया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि सेक्टर आॅफिसर का कार्य आदर्श आचार संहिता लगने से पहले ही शुरू हो जाता है। उन्हें ऐसे वर्न्बेल स्थानों को चिह्नित व सूचीबद्घ करना है जहां मतदाताओं को वोट डालने से रोका जाता हो। यदि उन्हें ऐसे स्थान मिलते हैं तो इसकी सूची भी तैयार करनी है। इसके अलावा उन्हें एक्सपेंडिचर सेंसेटिव एरिया की भी पहचान करनी है इसके लिए वे अपने निर्धारित क्षेत्र का सर्वे करें और इस कार्य में कोई कोताही न बरती जाए। इसी प्रकार सेक्टर आॅफिसर्स को यह भी सुनिश्चित करना है कि उनके अधीन आने वाले सभी मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस प्रशिक्षण बैठक में हांसी पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, हांसी एसडीएम वीरेंद्र सहरावत, हिसार एसडीएम परमजीत सिंह, बरवाला एसडीएम शालिनी चेतल, नारनौंद एसडीएम सुरेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी एमपी कुलश्रेष्ठ, एडीआईओ अखिलेश कुमार, डीआरओ राजबीर धीमान, चुनाव नायब तहसीलदार हनुमान दास, डीएसपी अशोक कुमार व जोगेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।

उम्मीदवारों के खर्च का विवरण जुटाएगी सर्विलांस टीम 
उपायुक्त ने कहा कि वीडियो सर्विलांस टीम सभी प्रकार की रैली व अन्य कार्यक्रमों में हो रहे खर्च का विवरण जुटाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक प्रत्याशी द्वारा किए गए खर्च का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में 6 फ्लाइंग स्क्वायड टीमें गठित की गई हैं जो सी-विजिल पर आने वाली शिकायतों की जांच करेगी व आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा यह टीमें जगह-जगह जाकर ऐसी गतिविधियों की निगरानी व नियंत्रण भी करेंगी जिनमें धन का दुरुपयोग करते हुए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिशें की जाएंगी।उन्होंने बताया कि स्टेटिक सर्विलांस टीमें भी अपने-अपने स्थानों पर मौजूद रहकर धन के आवागमन पर नजर रखेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि इसका उपयोग मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने विस्तार से जानकारी दी कि कितनी धनराशि पाई जाने पर टीमों को क्या कार्रवाई करनी है। इस दौरान उन्हांने एमसीएमसी कमेटी, सिंगल विंडो सिस्टम, रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम सहित अन्य सभी कमेटियों के कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में सभी टीमों ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया था जिस कारण लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। इस बार भी सभी अधिकारी कर्मचारी विधानसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निष्पक्ष ढंग से निभाएं।

मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में नहीं खड़ा कर सकेंगे वाहन 
पुलिस अधीक्षक शिवचरण ने कहा कि चुनाव में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी अधिकारी अपने साथ नियुक्त किए गए पुलिस अधिकारी व कर्मचारी के साथ समन्वय बना लें और एक-दूसरे का मोबाइल नंबर अपने पास रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारी मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे में कोई वाहन खड़ा नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के साथ हम विधानसभा चुनाव को भी पूर्ण शांति के साथ संपन्न करवाएंगे।

Post a Comment

0 Comments