इलाके के सुनहरे भविष्य के लिए भाजपा को वोट देगी नारनौंद की 36 बिरादरी : कैप्टन अभिमन्यु
वित्तमंत्री ने हलके के गांव बडाला, बास, भकलाना व उगालन में की जनसभाए
16 सितंबर 2019, 10:45 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
नारनौंद। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि पिछले पांच साल में नारनौंद हलके में जो विकास कार्य हुए हैं, उतने पिछले 50 साल मेंभी नहीं हुए। इन्हीं विकास कार्यों को देखकर आज नारनौंद की 36 बिरादरी इलाके के सुनहरे भविष्य के लिए मिलकर काम करने को तैयार है। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु आज हलके के गांव बडाला, बास, भकलाना व उगालन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान जो विकास कार्य करवाए गए हैं उनसे इलाके का पिछड़ापन दूर हुआ है। इन पांच सालों में हलके के विकास की मजबूत नींव तैयार की गई है। यह आप सबके आशीर्वाद और जनसमर्थन के कारण संभव हो सका है। इस नींव पर आने वाले पांच साल में मजबूत भवन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तो काम शुरू हुए हैं, अगले पांच साल में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि नारनौंद हलके में इस सरकार द्वारा बनवाए गए कॉलेज और आईटीआई में पढकर निकलने वाले युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योग-कारखाने लगेंगे। इसके लिए सड़क व बिजली की ढांचागत सुविधाएं तैयार करवाई गई हैं। अब तक कॉलेज, आईटीआई, उद्योग व कारखानों की दिशा में कोई ध्यान न दिए जाने के कारण युवाओं को बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों व विकास कार्यों के कारण इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा को 75 से अधिक सीटें मिलना निश्चित है। कांग्रेस और इनेलो पार्टियां अपने ही भाइयों और साथी नेताओं के सिर पर लाठियां चलवा रहे हैं और एक-दूसरे से लड़ाई लड़ रहे हैं। क्या ये प्रदेश के विकास के लिए आपस में लड़ रहे हैं। वास्तव में ये अपने-अपने बच्चों को एमएलए बनवाने और अपना-अपना घर भरने के लिए ऐसा कर रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु का जोरदार स्वागत किया। जनसभाओं में युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, राजेंद्र लांबा, पंडित महाबीर शर्मा, एडवोकेट सुशील खरब, कुलदीप गौतम, आजाद शर्मा, सरपंच सुमन देवी, सुधीर पांचाल, राकेश, विजय वाल्मीकि, चतर सिंह, रामधारी, जगदीश सिंह, रोशन शर्मा, गोविंद वाल्मीकि सहित अन्य नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



0 Comments