वित्तमंत्री बोले,19 साल की उम्र में जान गया था हरियाणा की भर्तियों में होती है राजनीतिक दखलंदाजी


वित्तमंत्री बोले, 19 साल की उम्र में जान गया था हरियाणा की भर्तियों में होती है राजनीतिक दखलंदाजी

कहा, यदि हम भी भ्रष्टाचार व भेदभाव करें तो हमारा राजनीति में आने का फायदा ही क्या ? 
प्रसिद्घ लोक कलाकार डॉ. हरविंद्र राणा व डॉ. पवन आर्य द्वारा तैयार म्यूजिक एलबम लाडला कैप्टन की लॉंच


16 सितंबर 2019, 5:30 PM  
हरियाणा मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज 
नारनौंद। हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कआज हरियाणा की सरकारी भर्तियों में गड़बड़झाले से जुड़ा बड़ा ही रोचक किस्सा हल्कावासियों से सांझा किया।
वित्तमंत्री ने बताया कि जब मेरी आयु 19 वर्ष थी तभी मुझे अहसास हो गया था कि हरियाणा में सरकारी भर्तियों में राजनीतिक दखलंदाजी और भ्रष्टाचार के चलते व्यवस्था बहुत खराब है। इस कारण कॉलेज में बच्चों का पढ़ाई में मन भी नहीं लगता था। मैं 19 वर्ष की आयु में फौज में भर्ती हुआ और 1993 में यह सोचकर आईएएस की परीक्षा दी कि इसमें निष्पक्ष भर्ती होती है। पहले ही प्रयास में मैंने आईएएस की परीक्षा उत्तीर्ण की लेकिन मन में इस बिगड़ी व्यवस्था को ठीक करने की एक इच्छा थी। इसी कारण राजनीति को बदलने के इरादे से मैंने राजनीति में प्रवेश किया। वे आज यहां दादा देवराज धर्मशाला में आयोजित मिलन व सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हरियाणा के प्रसिद्घ लोक कलाकार डॉ. हरविंद्र राणा व डॉ. पवन आर्य द्वारा तैयार की गई म्यूजिक एलबम लाडला कैप्टन की लॉन्चिंग की। डॉ. हरविंद्र राणा ने मौके पर एलबम के गीत भी सुनाए। इस अवसर पर जेजेपी की महिला नेत्री प्रमोद कुमारी सहित अन्य कई नेताओं ने अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।वित्त मंत्री ने दो टूक कहा कि हम पूर्व में चली आ रही राजनीति का अनुसरण करने नहीं बल्कि राजनीति की परिभाषा बदलने के लिए राजनीति में आए हैं। यदि हम भी भ्रष्टाचार, भेदभाव व परिवारवाद की राजनीति करें तो हमारा राजनीति में आने का फायदा ही क्या है?  इस अवसर पर दादा देवराज कमेटी प्रधान शमशेर सिंह लोहान ने वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता अजय सिंधु, एडवोकेट सुशील खरब, राजेंद्र लांबा, विजेंद्र लोहान, पूर्व पार्षद संदीप लोहान, अजय लोहान, बसाऊ राम, मा. फूलकुमार पेटवाड़, जयवीर माजरा, अरुण लोहान कमलेश लोहान, सतपाल, सुशील खरब, अजमेर, शमशेर डीपी राम लोहान, महावीर गोदारा, शीलू लोहान, राजेंद्र, सतपाल व प्रेम काजल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सालों से किसी जन प्रतिनिधि ने नहीं ली नारनौंद की सुध 
वित्तमंत्री ने कहा कि 3 लाख की आबादी वाला नारनौंद वर्षों से राजनीति का शिकार रहा और यहां के किसी प्रतिनिधि ने इसकी सुध नहीं ली। यहां तक कि नारनौंद से हिसार के बीच सीधी सडक तक नहीं बनवाई गई। हिसार से नारनौंद आने के लिए हांसी या बरवाला होकर आना पड़ता है। इलाके के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए पिछले 50 साल में किसी ने कॉलेज तक बनवाने की नहीं सोची। उन्होंने कहा कि जब 2014 में जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया तो हमारी सरकार ने सत्ता परिवर्तन के निश्चय को हकीकत में बदला। विपक्षी नेताओं ने हमें अनुभवहीन और अनाड़ी बताया लेकिन सरकार द्वारा करवाए गए विकास और भ्रष्टद्दाचार मुक्त व्यवस्था कायम करने के बाद वही लोग अब हमें खिलाड़ी कहने लगे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा करवाए गए सामूहिक कामों को अब पूरे प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मिल रहा है और हमारी विचारधारा को दिल खोलकर समर्थन मिल रहा है।

विपक्ष को हो गया है भाजपा की जीत का अहसास 
वित्तमंत्री ने कहा कि विपक्षी नेताओं को इस बात का अहसास है कि वे भाजपा को हरा नहीं सकते हैं। इसके लिए वे षड्यंत्र करेंगे और लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने आह्वद्दान किया कि लोग अपनी आत्मा और विवेक को जागृत रखें और दुष्प्रचार से बचें। विधानसभा चुनाव में लोग नारनौंद के भविष्य के निर्माण के लिए वोट दें। प्रदेश में पुन: भाजपा सरकार बनेगी और जनता व हरियाणा की शान को बढ़ाएगी।


Post a Comment

0 Comments