सरकारी कर्मचारी ध्यान दें, 29 तक बनवा लें फैमिली आईडी वरना नहीं मिलेगा जुलाई का वेतन
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने समस्त जिला वासियों को 29 जुलाई तक फैमिली आईडी बनाने का किया है आह्वान
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। प्रदेश सरकार हर परिवार की फैमली आईडी बना रही है जिसका विवरण जमा करवाए जाने की अंतिम तारीख 29 जुलाई है। यदि आपने भी फैमली आईडी के लिए अभी तक अपने परिवार का विवरण जमा नहीं करवाया है तो जल्दी से करवा दें। खासकर सरकारी कर्मचारी ध्यान दें क्योंकि उन्हें तब तक वेतन नहीं मिलेगा जब तक कि वे फैमली आईडी नहीं बनवा लेते। जिलावासियों से यह आह्वान किया है उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने। उन्होंने जिला केसभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की फैमिली आईडी अपडेट करना सुनिश्चित करें। ऐसा करने में असफल रहने वाले विभागों के कर्मचारियों को जुलाई माह का वेतन जारी नहीं किया जाएगा। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक परिवार को परिवार पहचान पत्र देने का विचार किया गया है। इस आईडी का इस्तेमाल भविष्य में सामाजिक सुरक्षा व अन्य कल्याणकारी योजनाएं पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वद्दान किया है कि वे लघु सचिवालय की चौथी मंजिल पर कमरा नंबर 447 में स्थित जिला सांख्यिकीय अधिकारी के कार्यालय से अथवा आनलाइन मेरा परिवार डॉट हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन वेबपोर्टल से प्रिंट लेकर अपना पंजीकरण करवा लें। उपायुक्त ने सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे वेबपोर्टल से परिवार पहचान पत्र के फार्म का प्रिंट लेकर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी का संपूर्ण विवरण अपडेट करवाकर अपने पास रखें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के कार्यालयों, बोर्ड, कारपोरेशन, विश्वविद्यालय में कार्यरत सभी कर्मचारियों (अनुबंध कर्मचारियों सहित) के परिवार पहचान पत्र का डाटाबेस एकत्र करने की जिम्मेदारी आहरण एवं सवितरण अधिकारी को दी गई है। उनके लिए यह विवरण एकत्र करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से फार्म भरवाकर अपने पास रखेंगे। कार्यालयाध्यक्ष इस संबंध में एक शपथ पत्र खजाना कार्यालय में जमा करवाएंगे तभी उनके विभाग के स्टाफ का जुलाई माह का वेतन जारी किया जाएगा। कार्यालयाध्यक्ष फार्म का प्रारूप व अपने कार्यालय के आईडी और पासवर्ड द्वितीय मंजिल पर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में स्थित योजना अधिकारी के कार्यालय अथवा चौथी मंजिल पर कमरा नंबर 447 में स्थित जिला सांख्यिकीय अधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी विभाग के कंप्यूटर आॅपरेटर को इस संबंध में किसी प्रकार के प्रशिक्षण की आवश्यकता है तो वे किसी भी कार्यदिवस पर उपरोक्त दोनों में से किसी भी कार्यालय से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।


0 Comments