हिसार : जल संग्रहण को जिला में बनेंगे 450 नए तालाब

हिसार : जल संग्रहण को जिला में बनेंगे  450 नए तालाब 

मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। जल संरक्षण के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जिला में इस वर्ष 450 नए तालाब बनवाए जाएंगे। इसके अलावा भूमिगत जल स्तर को बढ़ाने व जल संरक्षण के लिए अन्य अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह बात उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने आज कॉन्फ्रेंस कक्ष में जल शक्ति अभियान के तहत आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने जल शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जल शक्ति अभियान के लिए जिला जल संरक्षण योजना बनाई जाएगी। इसके लिए उन्होंने जिला परिषद के सीईओ विकास यादव को इस अभियान का नोडल अधिकारी बनाते हुए उन्हें सभी विभागों से समन्वय बनाते हुए गतिविधियों का आयोजन करवाने को कहा। उपायुक्त ने बताया कि भूमिगत जल स्तर में सुधार के लिए सबसे पहले जिला का बेसलाइन सर्वे करवाया जाएगा। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में चालू वित्त वर्ष में 450 नए तालाब बनवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत चालू तिमाही में प्रत्येक खंड में 20-20 तालाब खुदवाए जाएं। उन्होंने सभी बीडीपीओ को अपने-अपने खंड में कम से कम एक तालाब की खुदाई कल से ही शुरू करवाने के निर्देश दिए। खुदाई से पूर्व तालाब का वाटरशेड मैनेजमेंट प्लान भी बनाया जाए तथा तालाब के चयन में इस बात का ध्यान रखा जाए कि इसमें प्राकृतिक बहाव के अनुकूल पानी आने की व्यवस्था हो। इसके साथ ही उन्होंने मनरेगा के माध्यम से जल संचय के लिए सोख्ता गड्ढï खुदवाने तथा मौजूदा तालाबों का जीर्णोद्घार करवाने के भी निर्देश दिए।



सभी बडे़ भवनों पर जरुरी है  रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
डीसी ने कहा कि जिला के सभी बड़े आकार के भवनों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करवाया जाए। उन्होंने बीएंडआर के एक्सईएन को सबसे पहले लघु सचिवालय भवन में इस प्रणाली की स्थापना करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खंड को सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली लगाने के लिए 5-5 लाख रुपये दिए गए हैं। सभी खंड इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने बताया कि 500 वर्गगज से अधिक आकार के सभी भवनों पर यह प्रणाली लगवाना अनिवार्य है जिसे सख्ती से लागू करवाया जाए।

हिसार जिले में 1.5 लाख पौधे लगाने के निर्देश

उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि जल संरक्षण के लिए पौधारोपण भी जरूरी है। उन्होंने जिला वन अधिकारी को जिला में कम से कम 1.5 लाख पौधे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हांसी-द्वितीय व नारनौंद खंडों में भूमिगत जल स्तर काफी विकट स्थिति में है, इसलिए जल संरक्षण कार्यक्रम में दोनों खंडों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा। कृषि विभाग को विशेष कृषि विज्ञान मेलों का आयोजन करने को कहा गया है। स्कूली विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए इको क्लब गठित करने तथा जनस्वास्थ्य विभाग को विशेष कार्यक्रम आयोजित करवाने के भी निर्देश दिए गए।

Post a Comment

0 Comments