प्रख्यात रचनाकार राजेश चुघ ने हरियाणा के पुरातात्विक महत्व पर डाला प्रकाश।


प्रख्यात रचनाकार राजेश चुघ ने हरियाणा के पुरातात्विक महत्व पर  डाला प्रकाश

हिसार में आयोजित गोष्ठी में हरियाणा के विविध आयामों को किया उजागर
मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
हिसार। हिसार के सर्वोदय भवन में 'हरियाणा के विविध आयाम विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में शिक्षाविद् एवं समाजसेवियों सहित विभिन्न लोगों ने हिस्सा लिया। गोष्ठी के मुख्य वक्ता रचनाकार राजेश चुघ ने हरियाणा के बहुआयामी पक्षों को बखूबी उकेरा। गोष्ठी की अध्यक्षता दूरदर्शन के सेवानिवृत्त समाचार निदेशक अजीत सिंह ने की जबकि गोष्ठी का संचालन इतिहासकार डॉ. महेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर महात्मा गांधी का चित्र एवं पुस्तकें देकर राजेश चुघ को सम्मानित भी किया गया। गोष्ठी के दौरान गांधी अध्ययन केंद्र सर्वोदय भवन के निदेशक धर्मबीर शर्मा, प्रेस प्रवक्ता बनी सिंह जांगड़ा, समाजसेवी जगदीप भार्गव, शिक्षाविद् आई. जे. नाहल, कमारेड कृष्णस्वरूप गोरखपुरिया, डॉ. इंद्रजीत व बनवारीलाल सहित बहुत से बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। हरियाणा के विविध आयाम विषय पर चर्चा करते हुए रचनाकार राजेश चुघ ने जहां हरियाणा के पुरातात्विक महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं हरियाणा की शौर्य परंपरा को भी उन्होंने बखूबी उद्घाटित किया। इतना ही नहीं हरियाणा की बेटियों की विजय गाथा एवं प्रगतिशील किसानों की सफलता के किस्से सुनाकर उन्होंने आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। हरियाणा के दिव्यांगों की सफलता पर प्रकाश डालते हुए राजेश चुघ ने समस्याओं से कभी न घबराने की सीख दी। गोष्ठी के अध्यक्ष अजीत सिंह ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हरियाणा के बहुत से अनछुए पहलुओं को भी सामने लाने की आवश्यकता है ताकि हरियाणा की कला एवं संस्कृति से युवा पीढ़ी भी रूबरू हो सके। इतिहासकार डॉ. महेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि सर्वोदय भवन में समय-समय पर ऐसे वक्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा जो हरियाणा के विविध पहलुओं पर प्रकाश डाल सकें। उल्लेखनीय है कि हिसार के सर्वोदय भवन में कई दशकों से हर रविवार को निर्बाध रूप से गोष्ठी हो रही है। चाहे बरसात आए या कड़कती ठंड हो, यहां तक कि आपातकाल में भी सर्वोदय भवन में गोष्ठी की परंपरा का निर्वहन किया गया।

Post a Comment

0 Comments