मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसानों को ही मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
किसानों के रजिस्ट्रेशन में सहयोग करें नंबरदार व पंच
मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने मण्डलायुक्तों एवं जिला उपायुक्तों को दिए निर्देश
मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने मण्डलायुक्तों एवं जिला उपायुक्तों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों की भूमि के पंजीकरण के लिए पटवारी, कृषि विकास अधिकारी, ग्राम सचिव, मार्किट कमेटी के सचिवों, के साथ-साथ नंबरदारों एवं पंचायत सदस्यों को भी शामिल किये जाने के निर्देश दिये हैं। आज वे प्रदेश के मेवात, पलवल, सिरसा, हिसार, फरीदाबाद, जींद, रोहतक,सोनीपत, कैथल, झज्जर तथा फतेहाबाद जिले के मण्डालायुक्त, जिला उपायुक्तों, जिला राजस्व अधिकारी, अधीक्षक अभियन्ता सिंचाई से वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल की समीक्षा कर रही थीं। उन्होने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के माध्यम से भूमि एवं फसलों से संबधित जैसे मुआवजा तथा सब्सिडी की सभी जानकारियां किसानों दी जायेंगी। उन्होने कहा कि पंजीकरण करने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खाली भूमि का भी पंजीकरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह पोर्टल किसानों के लिए वन स्टॉप सेंटर की तरह होगा, जहां किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस कार्य में जुटे कॉमन सर्विस सेंटरों के साथ तालमेल करते हुए सभी सीएससी को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पंजीकरण की गति में वृद्धि करने के भी निर्देश दिए। उन्होने मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के लिए कार्यनीति तैयार कर सभी पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा ई-गिरदावरी का कार्य 5 अगस्त से 5 सितंबर, 2019 तक पूरे किये जाने के भी निर्देश दिये। उन्होने कहा कि आपत्तियां दर्ज करने के लिए भी नया पोर्टल तैयार किया गया है। बैठक में राजस्व विभाग की वित्तायुक्त एवं कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अतिरिक्त मु य सचिव नवराज संधू, श्रम विभाग के प्रधान सचिव विनीत गर्ग मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी उमाशंकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


0 Comments