अब नपेंगे सीएम विंडो पर दर्ज शिकायतों में हीलाहवाली करने वाले अफसर

अब नपेंगे सीएम विंडो पर दर्ज शिकायतों में हीलाहवाली करने वाले अफसर 
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश


मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज 
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने सीएम विंडो पर दर्ज शिकायतों पर सही ढंग से कार्यवाही न करने और जल्द निपटान न करने वाले विभिन्न विभागों को जल्द लंबित मामलों की समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिकायतों के निवारण में गंभीरता ना दिखाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफकड़ी कार्यवाही की जा सकती है।डॉ0 राकेश गुप्ता और मुख्यमंत्री के ओएसडी भूपेश्वर दयाल आज यहां सीएम विंडो के संबंध में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, विजिलेंस, कृषि, परिवहन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायत तथा शहरी स्थानीय निकाय विभागों के विभागाध्यक्षों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने विभागों द्वारा सीएमविंडों पर आने वाली शिकायतों का तत्परता से निवारण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग के अंतर्गत लंबित शिकायतों पर अधिकारियों द्वारा उचित कार्यवाही न किये जाने से डॉ0 राकेश गुप्ता ने बताया कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिख कर लंबित मामलों की 15 दिन के अन्दर समुचित कार्रवाई करने के लिए कहा हैं। परिवहन विभाग के अंतर्गत सीएम विंडो पर आई टैक्स चोरी की 3 शिकायतों पर विभाग द्वारा संतोषजनक कार्रवाई न करने पर डॉ राकेश गुप्ता ने नाराजगी जाहिर की और इस संबंध में परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिख कर लंबित मामलों के जल्द निपटान के लिए कहा हैं। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को लंबित मामलों को 2 सप्ताह में निपटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विजिलेंस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायत तथा शहरी स्थानीय निकाय विभागों के अधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यप्रणाली को दुरुस्त करें। डॉ. गुप्ता ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों को जल्द निपटाएं नहीं तो कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाती है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभाग द्वारा सीएम विंडो पर एक्शन टेकन रिपोर्ट को सही तरीके से अपलोड करें।

Post a Comment

0 Comments