जनस्वास्थ्य कर्मियों के लिए हर जिले में बनेंगी जनस्वास्थ्य आवासीय कालोनियां


जनस्वास्थ्य कर्मियों के लिए हर जिले में बनेंगी जनस्वास्थ्य आवासीय कालोनियां 
विभागीय कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने को खेल प्रतियोगिताएं भी करवाएगा जनस्वास्थ्य विभाग 


मीडिया जंक्शन। प्रवीन कम्बोज
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों के लिए जनस्वास्थ्य आवासीय कालोनी बनाने की तैयारी में है। इसके लिए विभाग जल्द ही एक प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजेगा।इसके साथ ही कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ० बनवारी लाल ने विभाग के कर्मचारियों की खेल प्रतियोगिता आयोजित करवाने संबंधी मांग पर सम्बन्धित अधिकारियों को इस बारे में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, जिला स्तर पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी आवासीय कालोनी स्थापित करने की मांग पर भी उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। कच्चे कर्मचारियों को समय पर वेतन देने सम्बन्धी मांग पर डा० बनवारी लाल ने कहा कि यदि सम्बन्धित अधिकारी अमूक कर्मचारी के कार्य की पुष्टि कर देता है तो उसका वेतन जारी कर दिया जाएगा। इसी प्रकार, टर्म अपाइंटी व अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों के ईपीएफ और ईएसआई को कटवाने की मांग पर मंत्री ने कहा कि यदि इस कार्य में कोई अधिकारी लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। विभिन्न निगमों में प्रतिनियुक्ति पर गये हुए कर्मचारियों कीवेतन सम्बन्धी मांग पर उन्होंने कहा कि गत दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ हुई विभिन्न कर्मचारी यूनियन की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि ऐसे कर्मचारियों का वेतन जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ही देगा। इसके अलावा, आगामी सितम्बर माह से ऐसे कर्मचारी जो स्थानीय निकायों में प्रतिनियुक्ति पर जाना चाहते हैं, से विकल्प मांगा जाएगा और उसी के अनुरूप आदेश होंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे कच्चे कर्मचारी जो विभाग में नियमित रूप से कार्यरत हैं, को हटाया नहीं जाएगा। कच्चे कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन बैंक खातों के माध्यम से मिलें, की मांग पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस संबंध में टेंडर के दौरान ही विभिन्न शर्तों में स्पष्टद्द कर दें कि अमुक ठेकेदार किसी भी कर्मचारी के निर्धारित वेतन को समय पर देगा। इसके अलावा मंत्री ने विभिन्न जोखिम भरे कार्यों को करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भता दिलाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा, मंत्री ने बैठक में चालकों को वर्दी भत्ता, अधीक्षक को वित्तीय शक्तियां और सर्कल स्तर पर उप-अधीक्षक के पद को पुन: सृजित करने के लिए की गई मांग पर अधिकारियों को विभिन्न निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments