आदमपुर में बोले कुलदीप, हटकर होंगे विधानसभा चुनाव के नतीजे
मंडी आदमपुर में जलभराव की समस्या को लेकर सीएम तक कर चुके बात, लेकिन समाधान नहीं
मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि बारिश के समय में मंडी आदमपुर में जलभराव की समस्या को दूर करवाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मिलकर आग्रह किया था कि मंडी आदमपुर की जर्जर हो चुकी सीवरेज प्रणाली को दुरूस्त करने के लिए कदम उठाए जाएं। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया था कि आदमपुर मंडी में सीवरेज प्रणाली को दुरूस्त किया जाएगा, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई भी काम नहीं हुआ। जनस्वाथ्य विभाग के अधिकारियों से वे हर बार बारिश के मौसम से पहले बात करतें हैं, ताकि इस दिशा में कुछ काम हो सकें, लेकिन भाजपा सरकार में शासन व प्रशासन आदमपुर हलके के साथ भेदभाव कर रहा है। मंडी में जलभराव की यह समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है। लोगों के घरों व दुकानों में सीवरेज व बारिश का पानी अंदर जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पूरी की पूरी सीवरेज व्यवस्था को बदलने की जरूरत है। वे आज मंडी आदमपुर, चौधरीवाली, मोहब्बतपुर, लाखपुल, सारंगपुर, खैरमपुर व कोहली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने हलका वासियों की समस्या सुनी तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत करके उन्हें दूर करने के निर्देश दिए। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्होंने आदमपुर हलके से जुड़ी हर छोटी से बड़ी समस्या को दूर करवाने के लिए प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री, मंत्रियों, अधिकारियों से निजी तौर पर मुलाकात करने, विधानसभा में हलके की मांगों को रखने तथा पत्रों के माध्यम से उन्होंने भरसक प्रयास किया है कि आदमपुर में ठप पड़े विकास कार्यों को गति मिल सके। चाहे विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत मिलने वाली राशी के लिए बार-बार प्रशासन पर पत्रों के माध्यम से दबाव बनाना हो, नहरों में दो सप्ताह पानी छोड़ने की मांग हो, आदमपुर सामान्य अस्पताल को अपग्रेड करने का मुद्दा हो, हलके की सड़कों की मरम्मत व नई सड़कें बनवाने की मांग हो, उन्होंने पूरी गंभीरता से लगातार भाजपा सरकार से विभिन्न स्तरों पर आदमपुर हलके से जुड़ी तमाम मांगें रखी, लेकिन भाजपा सरकार का रवैया भेदभावपूर्ण है। कांग्रेस की सरकार बनने पर हलके का चहुंमुखी विकास करवाया जाएगा तथा यहां रोजगार के साधन युवाओं को उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके के स्वर्णिम दौर को वापिस लाने के लिए वे दृढ़ संकल्प हैं। कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव परिणाम से मायूस होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि लोकसभा व विधानसभा चुनाव बिल्कुल अलग होते हैं। लोकसभा चुनाव में जहां मोदी लहर के सामने सभी मुद्दे गौण हो गए, लेकिन विधानसभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों से जुड़ा चुनाव होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



0 Comments