हिसार व आदमपुर के लिए न मोदी ने कुछ किया न खट्टर ने
कुलदीप बोले, मैंने कहा था ना अपने-पराए की पहचान कर सांसद चुनना
मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हिसार के सांसद द्वारा अपनी जिम्मेवारियों से मुंह फेर लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। सांसद खुद आईएएस रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि बिजली, पानी, सड़कों इत्यादी से जुड़ी समस्याओं को दूर करवाना सांसद व विधायक का ही काम है। केन्द्र एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अगर भाजपा सांसद चाहे तो तुरंत लोगों के काम करवा सकते हैं, परंतु उन्हें हिसार या हिसार लोकसभा क्षेत्र वासियों के हितों से कोई सरोकार नहीं है। इस तरह का बयान एक सांसद के मुंह से शोभा नहीं देता। मैंने चुनावों में लोकसभा क्षेत्र वासियों से बार-बार आग्रह किया था कि अपने-पराए की पहचान करते हुए अपना प्रतिनिधि चुनें, मगर मोदी लहर में सब मुद्दे गौण हो गए। पिछले लोकसभा चुनाव में हार से हम हिसार में सत्ता लाने से दूर हो गए थे और इस चुनाव परिणाम से भी हिसार में मुख्यमंत्री की कुर्सी लाने की उम्मीदों को झटका लगा है, लेकिन लोकसभा व विधानसभा चुनावों में काफी फर्क होता है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ राज्य इसका उदाहरण हैं जहां तीन माह बाद ही लोकसभा चुनाव में परिणाम विधानसभा से एकदम विपरित आए। हमारे हिसार या आदमपुर के लिए मोदी या खट्टर ने कुछ नहीं किया, आगामी चुनावों में जनता कांग्रेस को चुनेगी और हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। वे आज हलके के गांव काबरेल, सीसवाल, ढाणी सीसवाल में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने अनेक जलपान कार्यक्रमों में भाग लिया तथा किसानों के साथ फसलों की स्थिति बारे चर्चा की। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उन्होंने सांसद रहते हुए सांसद निधी के अलावा अपने निजी तौर पर पर लाखों रूपए खर्च करके सीसीटीवी कैमरे लगवाए, शैड बनवाए, कानों की मशीनें लगवाने सहित अनेक सामाजिक कार्यों के माध्यम से हिसार लोकसभा क्षेत्र वासियों की मदद करने का प्रयास किया और आगे भी वे निरंतर हिसार लोकसभा क्षेत्र वासियों की समस्याओं को दूर करवाने का प्रयास करते रहेंगे, क्योंकि हिसार उनका घर है, परिवार है। उन्हें तकलीफ होती है कि गलत फैसलों की वजह से जब मेरे हिसार लोकसभा क्षेत्र की जनता को ऐसे प्रतिनिधियों के पास जाना पड़ता है, जो अपनी जिम्मेवारियों से ही भाग जाते हैं। उन्होंने कहा कि हिसार लोकसभा क्षेत्र का भला घर का आदमी ही कर सकता है और चुनावों में वे बार-बार कहते भी थे कि सांसद बनते ही ये लोग जनता से मुंह फेर लेंगे। जनसमस्याओं को लेकर आम जनमानस के साथ सांसद के व्यवहार से ये साफ हो गया है कि ये लोग ना तो कभी हिसार के थे और न ही कभी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर हलके की राजनीतिक चौधर वे हर हाल में वापिस लेकर आएंगे। पिछले 32 वर्ष से निरंतर मैंने आदमुपर के हितों को लेकर संघर्ष किया है। आदमपुर से हमारा पारिवारिक रिश्ता है। अपने पारिवारिक हलके का चहुंमुखी विकास व यहां रोजगार लाना ही उनकी प्राथमिकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



0 Comments