पीजीएसडी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में बच्चों को बताए सड़क सुरक्षा के टिप्स



पीजीएसडी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में बच्चों को बताए सड़क सुरक्षा के टिप्स 



मीडिया जंक्शन समाचार 
हिसार। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, पंचकुला के निदेर्शानुसार व जिला एवं सत्र न्यायधीश अरुण कुमार सिंगल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने शिक्षा विभाग व यातायात विभाग के सहयोग से पीजीएसडी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दुपहिया वाहन चलाने वाले अनेक लोग हेल्मेट का इस्तेमाल नहीं करते हैं जिससे उनकी जान खतरे में रहती है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए और हमेशा हेल्मेट का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों व जान-पहचान के व्यक्तियों को भी हेल्मेट पहनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना में घायल हो जाता है तो उसकी मदद जरूर करें। आपकी छोटी सी मदद किसी का जीवन बचा सकती है। सीजेएम ने विद्यार्थियों व शिक्षकों को यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। स्कूली बच्चों के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि जिला में प्राधिकरण द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है जो 17 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान जिंदल पार्क, बस स्टैंड, मेला ग्राउंड, टाउन पार्क आदि जगहों पर जाकर सुबह की सैर करने वाले व्यक्तियों को सडक सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया जाता है। अभियान में स्कूल के एनएसएस वोलेंटियर्स, एनएसएस अधिकारी, पीएलवी तथा यातायात पुलिस के कर्मचारियों द्वारा भी जगह-जगह पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस अधिकारी नरेश दुहन, स्कूल के प्राचार्य सतेंद्र गोयल, यातायात पुलिस के अधिकारी व स्कूल के अध्यापकगण भी मौजूद थे।


Post a Comment

0 Comments