तड़के चार बजे हुआ ऐसा भयानक हादसा की मच गई चीख-पुकार, नजारा देख सहम गए लोग
कुरुक्षेत्र के पीपली में वोल्वो बस पलटने के बाद लगी आग, जिंदा जल गई वृद्धा, युवक की दबकर मौत
मीडिया जंक्शन न्यूज
कुरुक्षेत्र। दिल्ली से जम्मू जा रही एक वोल्वो बस आज शनिवार तड़के करीब चार बजे कुरुक्षेत्र के पिपली के पास हादसे का शिकार हो गई। ड्राइवर को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर जीटी रोड के बीच में बने डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। यात्री जब तक संभल पाते बस में आग लग गई जो कि चंद पलों में ही पूरी बस में फैल गई। बस में चीख-पुकार मच गई। सवार यात्री किसी तरह बाहर निकले, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए। कई लोगों ने बस के शीशे तोड़कर बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। आग लगने से सवारियों हड़कंप मच गया और आनन-फानन में शीशे तोड़ कर सवारियों को बस से बाहर निकाला गया। आग लग जाने से एक वृद्ध महिला के जिंदा जल जाने व एक युवक की कुचलने से मौत का समाचार है वहीं 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हेंं अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चार यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उनको चंडीगढ़ पीजीआइ ले जाया गया है। बस में करीब 55 लोग सवार थे। अभी मृतक महिला और युवक की पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी व सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, हालांकि आग से पूरी बस व सवारियों का सामान जल गया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचाननहीं हो पाई थी। सदर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। बस यूपी की टूरिस्ट बस है जिसका नंबर यूपी 17 एटी 4406 है। चालक को नींद आने के कारण बस डिवाइडर से टकराई थी। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने भी घटना की सूचना मिलते ही मौके मुआयना किया और सिविल अस्पताल में सवारियों से घटना की जानकारी ली। घायलों में अब तक दिल्ली स्थित शालीमार बाग निवासी कुसुम गुप्ता (55 वर्ष) पत्नी सुनील, अमृतसर के तफरी निवासी गुरमोर कौर (54 वर्ष) पत्नी चंद्र, पंजाब के छबरी बाजार निवासी पांच वर्षीय तनिश पुत्र भारत शर्मा, अनुराधा पत्नी अशोक की पहचान हुई है।


0 Comments