कान खोलकर सुन लें अफसर, बर्दाश्त नहीं होगी बिजली, पानी व सीवरेज सेवाओं में लापरवाही


जिला स्तरीय बैठक। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, विभागीय कार्यों व योजनाओं की हुई समीक्षा

कान खोलकर सुन लें अफसर, बर्दाश्त नहीं होगी बिजली, पानी व सीवरेज सेवाओं में लापरवाही 



संदीप कम्बोज। मीडिया जंक्शन 
हिसार। जिले के लोगों को बिजली, पानी व सीवरेज संबंधी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभागों के अधिकाी कान खोलकर सुन लें, इनमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा आज यहां लघु सचिवालय के जिला सभागार में जिला स्तरीय मासिक बैठक में योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं में लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन को उपलब्ध करवाना प्रशासन व सरकार की प्राथमिकता है। इसी प्रकार आमजन की सुविधा व स्वच्छता के लिए सीवरेज व्यवस्था का सुचारू रहना बहुत जरूरी है। बरसात के मौसम के मद्देनजर इन सभी सुविधाओं में अधिकारियों द्वारा कोई कोताही न बरती जाए, अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इन तीनों सुविधाओं के मामले में जीरो टोलरेंस की नीति को अपनाया जाएगा। उन्होंने पिछले दिनों समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए बिजली, पानी व सीवरेज समस्या से संबंधित नाकारात्मक समाचारों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्वयं फिल्ड में उतरकर इन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने व स्थिति को चेक करने की हिदायतें दीं। उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों तक स्वच्छ पेयजल व पशुओं के लिए तालाबों आदि में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, हांसी एसडीएम वीरेंद्र सहरावत, सीटीएम शालिनी चेतल व बरवाला एसडीएम सुशील कुमार, सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. डीएस सैनी, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीएस सिंधु, डीएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता आरएस सभ्रवाल, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एआर भांभू, डीएफएसओ सुभाष सिहाग, एक्सईएन मनोज ओला, विशाल, रमेश कुमार, डीईओ देवेंद्र सिंह, सीएमजीजीए मोहित कुमार, सहायक रोजगार अधिकारी एकता भ्याण, जिला कल्याण अधिकारी जगत बिश्रोई, जिला सांख्यिकीय अधिकारी अमिता चौधरी सहित अन्य विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।


जन शक्ति फॉर जल शक्ति अभियान के तहत जल संरक्षण के नए उपाय लागू करेगा हिसार  
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जल संरक्षण के लिए एक जून से 15 सितंबर तक जन शक्ति फॉर जल शक्ति नामक अभियान शुरू किया गया है। इसके माध्यम से जिला में पानी की बचत के नए उपाय लागू किए जाएंगे तथा आमजन को पानी की बचत के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग, खंड व स्कूल अपने-अपने भवनों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली को स्थापित करवाएं। उन्होंने वन विभाग को कम से कम 1.45 लाख पौधे लगवाने, शिक्षा विभाग को पौधागिरी के माध्यम से पौधे लगवाने, बीडीपीओ को अपने-अपने खंडों में 20-20 नए तालाब खुदवाने, मौजूदा तालाबों का जीर्णोद्घार करवाने, सोख्ता गड्ढद्दे बनवाने तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाने के निर्देश दिए।


अगले 10 दिन में विभागों की एंट्री पूरी कर लें अफसर 
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि 14 जुलाई को हिसार में राज्य स्तरीय राहगिरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि राहगिरी की तैयारियों व प्रबंधों के लिए सभी अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को 10 दिन के भीतर अपने विभागों की एंट्री पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की हिदायतें दीं। इनके अलावा उपायुक्त ने अन्य सभी विभागों की योजनाओं व सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए इनके संबंध में भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments