पीएम किसान सम्मान योजना में 5 एकड़ की शर्त हटी, अब यह है नया नियम
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत अब सरकार ने 5 एकड़ जमीन की सीमा को हटा दिया है जिससे कोई भी पात्र किसान आवेदन कर सकता है। उपायुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष 1 लाख किसानों को रिकॉर्ड समय में पंजीकृत कर हिसार देशभर में अव्वल स्थान पर रहा था। इस बार भी हम सभी पात्र किसानों तक योजना का अधिकतम लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी किसान अपने नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपने खेत में बोई फसल का ब्यौरा आॅनलाइन करवा लें। केवल जमीन का मालिक ही नहीं बल्कि जमीन बोने वाला किसान भी इस योजना के तहत आवेदन कर सकता है। ब्यौरा आॅनलाइन करवाने के लिए किसान को सीएससी संचालक को कोई फीस नहीं देनी है। उल्टा उन्हें सरकार की ओर से प्रति एकड़ 10 रुपये व अधिकतम 50 रुपये तक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। बाद में पटवारी, नंबरदार, सैटेलाइट व अन्य माध्यमों से इसकी तसदीक करवाई जाएगी। इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए उन्होंने कृषि व राजस्व विभाग को जरूरी हिदायतें दीं।


0 Comments