पीएम साहब ! पटना साहिब में शुरु करवाओ सीवरेज सिस्टम


पीएम साहब !  पटना साहिब में शुरु करवाओ सीवरेज सिस्टम

सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र

सीवरेज व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं को होती है निराशा

मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। सर्वजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली पटना में सीवरेज व्यवस्था नहीं होने और वहां व्याप्त गंदगी के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए वहां सीवरेज व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय खत्री महासभा का 7वां सम्मेलन अरोड़ा धर्मशाला पटना (बिहार) में दिनांक 7 जुलाई 2019 को हुआ था जिसमें वे खुद भी शामिल हुए थे। सम्मेलन में उपस्थित हुए बिहार के कैबिनेट मंत्री नंदकिशोर यादव से भी इस बारे में उनका विचार-विमर्श हुआ था। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में भारत देश के भिन्न-भिन्न प्रदेशों के लोग पहुंचे थे। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली होने के कारण यहां प्रदेश, देश, विदेश से लाखों लोग व पर्यटक पटना साहिब पहुंचते हैं और पटना साहिब आते ही गुरुद्वारा साहिब व अन्य स्थलों के दर्शन करने निकल पड़ते हैं जैसे बाल लीला गुरुद्वारा, गाय घाट गुरुद्वारा, हांडी घाट गुरुद्वारा, सुनार गुरुद्वारा, कंकन घाट गुरुद्वारा, बाग गुुरुद्वारा, तख्त श्री हरिहर मंदिर आदि स्थानों को पर्यटक लोग देखने व दर्शन करने निकल पड़ते हैं परंतु नगर निगम पटना द्वारा उपरोक्त धार्मिक एवं विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा के पास न तो कोई सीवरेज व्यवस्था है और ना ही वहां साफ-सफाई की कोई समुचित व्यवस्था है और गुरुद्वारा साहिब के आसपास काफी गंदगी व्याप्त है। सीवरेज नहीं होने के कारण वहां नाली व नालों में गंदा पानी भरा पड़ा है जिस कारण वहां पहुंचने वाले लोगों को गंदगी व बदबू के माहौल का सामना करना पड़ता है। यहां अधिकतर लोग पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र देश व विदेश के अन्य भागों से आते हैं जिस कारण शहर में गंदगी देख यह अजीब सा शहर लगता है बल्कि पटना (बिहार) प्रदेश की राजधानी है और राजधानी में सीवर स्कीम नहीं है जो कि आश्चर्य का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि पटना साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की जन्म स्थली और राजधानी होने के कारण आप शीघ्र वहां सीवर स्कीम को लागू करवाई जाए और बिहार सरकार को आदेश भी जारी करें कि वहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आने वाले पर्यटकों पर इसका बुरा असर न पड़े।

Post a Comment

0 Comments