जो आप खुद चाहते हो वही सबको बाँटो, अगर खुशी चाहते हो तो खुशी, प्रेम चाहते हो तो प्रेम


जो आप खुद चाहते हो वही सबको बाँटो, अगर खुशी चाहते हो तो खुशी, प्रेम चाहते हो तो प्रेम बांटो



गाँव आसन स्थित ब्रह्माकुमारीज के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में मनाया गया वार्षिकोत्सव 

17 नवम्बर 2019, 10:37 PM
सन्नी कथूरिया। हरियाणा मीडिया जंक्शन
पानीपत/मतलौडा। गाँव आसन स्थित ब्रह्माकुमारीज के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आज वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कार्यक्रम में ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, ज्ञान मानसरोवर निदेशक बीके भारत भूषण, जिला परिषद चेयरमैन आशु शेरा, पानीपत सर्कल इंचार्ज ब्रह्माकुमारी सरला बहन, ओम शांति भवन की संचालिका सुनीता बहन, हिसार से डॉ रामप्रकाश, बीके बिंदु बहन व बीके कविता बहन सहित हजारों बीके भाई-बहने उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से की गयी और वार्षिक उत्सव के इस मौके पर केक भी काटा गया। इस अवसर पर विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि ज्ञान मानसरोवर कैम्पस में ज्ञान की गंगा निरन्तर बहती रहती है, इसलिए जब भी व्यस्त दिनचर्या के चलते तनाव की महसूसता आने लगे तो यहां आ जाना चाहिए। क्योंकि यहां योगी तपस्वी भाई बहनों के शांति के प्रकम्पन्न फैले हुए हैं।
ज्ञान मानसरोवर निदेशक बीके भारत भूषण ने वर्ष भर हुए कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2018-19 में यहाँ 12 कार्यक्रम बड़े स्तर पर समाज के हर वर्ग को जागरूक करने हेतु आयोजित हुए। उनमें मुख्यतः स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण बचाओ और शिक्षा जगत से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। उन्होंने बताया कि इन सभी आयोजनों में 2 हजार से ज्यादा जनसमुदाय इकट्ठा हुआ। इनके अलावा योग-तपस्या व अन्य छोटे स्तर पर 50 से ज्यादा कार्यक्रम भी रखे गए।
जिला परिषद चेयरमैन आशु शेरा ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में मिलने वाली हार-जीत में सदा समान रहना चाहिए। यही है जीवन जीने की कला। इस दौरान सर्कल इंचार्ज ब्रह्माकुमारी सरला बहन ने राजयोग की अनुभूति कराई। और अपने आशीर्वचन भी रखे। बहन जी ने कहा कि जो आप खुद चाहते हो वो ही सबको बाँटो, अगर खुशी चाहते हो तो खुशी बाँटो, प्रेम चाहते हो तो प्रेम बाँटो। क्योंकि जो आप देते हो उसी का कई गुणा होकर हमें वापिस फल मिलता है। इस मौके पर बीके कविता बहन ने भी शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम के अंतिम चरण में बीके बिंदु बहन ने आये हुए सभी मेहमानों का शब्दों के माध्यम से स्वागत किया। कुमारी शिक्षा, दीक्षा, आरजू, काजल और शिवि ने ग्रुप में स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया।मंच संचालन बीके सुनीता बहन ने किया।

Post a Comment

0 Comments