भाजपा के संकल्प पत्र पर यह क्या बोल गए भूपेन्द्र सिंह हुड्डा


भाजपा के संकल्प पत्र पर यह क्या बोल गए भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

बोले, नये वादे करने वाली भाजपा पहले बताए कि 2014 के कितने वादों को पूरा किया
भाजपा सरकार ने चालान के नाम पर शुरु की नयी लूट योजना 



13 अक्तूबर 2019, 9:49 PM

हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
सोनीपत। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज बहादुरगढ़ के गांव संखोल में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर चुनावी गतिविधियों का जायजा लिया और जरुरी दिशा-निर्देश दिये। इसके बाद उन्होंने राई हलके के गांव नाहरी, दीपालपुर में कांग्रेस प्रत्याशी व मौजूदा विधायक जयतीर्थ दहिया के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। बरोदा हलके के गांव अहुलाना, बरोदा, बुटाना, गंगाना, जगसी, बिचपड़ी, छतेहरा, महमूदपुर में श्रीकृष्ण हुड्डा के समर्थन में सघन चुनाव प्रचार किया और कई विशाल जनसभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने भाजपा पर पुराने जुमले छोड़कर नये जुमले गढ़ने का तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने 2014 में हरियाणा की जनता से 154 वादे किये थे लेकिन उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। उन्होंने सीधा सवाल किया कि क्या हरियाणा के कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान दिया। किसानों को स्वामीनाथन का भाव दिया। युवाओं को वादे के मुताबिक रोजगार दे दिया, महिलाओं की सुरक्षा का वादा पूरा किया, नौकरियों में पारदर्शिता लाये? भाजपा पहले अपने पुराने वादों का हिसाब हरियाणा की जनता को दे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की हवा बदल गयी है।

गुंडे-बदमाशों की शरणस्थली बन गया है हरियाणा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को हमने 2014 में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश और विकास में नंबर 1 पर छोड़ा था वो आज अपराध में बेरोजगारी में नंबर 1 पर पहुंच गया है। कानून व्यवस्था इतनी खराब है कि रोज 3 कत्ल, 10 बलात्कार और 6 अपहरण होते हैं। आज हरियाणा गुंडे-बदमाशों की शरणस्थली बना हुआ है। चालान के नाम पर भाजपा सरकार ने नयी लूट योजना शुरु करी है। मोटरसायकिल 15 हजार की और चालान 50 हजार का। हरियाणा में बेरोजगारी की दर 28.7 प्रतिशत पूरे देश में सबसे ज्यादा है। छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां बंद हो गयी, हरियाणा के लाखों लोग बेरोजगार हो गये। किसानों को उसकी मेहनत का दाम भी नहीं मिल रहा है। किसान को एमएसपी भी नहीं मिल रही है। कपास का सरकारी भाव 5500 है लेकिन किसान को 4800 ही मिल रहा है। इसी तरह धान, बाजरा गेंहू की एमएसपी तक नहीं मिल रही है। हमने गन्ने का भाव 110 से 310 किया था। भाजपा सरकार ने 5 साल में केवल 20 रुपये बढ़ाये। गरीब, पिछड़े वर्ग की सारी योजनाएं बंद कर दीं। हमारी सरकार आते ही सारी योजनाएं दोबारा शुरु की जायेंगी। आपके दम और ताकत से ही हमने पहले सरकार बनायी थी। अब हवा बदल गयी है। हवा आपके पक्ष में चल रही है। इस बार आपकी अपनी सरकार चंडीगढ़ में बनेगी।

कांग्रेस ने जो कहा वो किया, अब भी करेंगे
हुड्डा ने कहा कि मैंने 2005, 2009 में जो कहा वो किया और आगे फिर करेंगे। कांग्रेस की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर किसान, भूमिहीन किसान का कर्जा माफ करेंगे। पहले दिन, पहले महीने से बुजुर्गों को 5100 रुपये हर महीने पेंशन देंगे। बुजुर्ग की 58 साल और महिलाओं की 55 साल करेंगे और पेंशन के लिये खाट पर बैंक नहीं जाना होगा। सरकार बनते ही बीपीएल परिवार के घर की महिला को चूल्हा खर्च के नाम पर 2000 रुपये हर महीने देंगे। हरियाणा रोडवेज में महिलाओं का कोई किराया नहीं लगेगा। गरीब आदमी को 100-100 गज के प्लॉट देंगे। सबको रोजगार देंगे और जब तक रोजगार नहीं मिलेगा तब तक बेरोजगारी भत्ता देंगे। पोस्ट ग्रेजुएट को 10,000 ग्रेजुएट को 7000 रुपया भत्ता देंगे। एससी वर्ग के बच्चों को पहली से 12वीं तक साल का 10,000 और 12वीं से ऊपर वाले बच्चों को साल का 15000 रुपये वजीफा देंगे। कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान और पुरानी पेंशन लागू करके देंगे, एचआरए का बकाया देंगे। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करायेंगे। हमारी सरकार बनेगी तो एक कलम से 50 हजार सफाई कर्मचारी लगाये जायेंगे।

Post a Comment

0 Comments