गजब : ये क्या, यहां तो ड्रोन व गुलेल से हो रही बिजाई


गजब : ये क्या, यहां तो ड्रोन व गुलेल से हो रही बिजाई


मीडिया जंक्शन न्यूज
गुरुग्राम/फरीदाबाद। हरियाणा के गुरूग्राम व फरीदाबाद के ग्रीन लंग्स कहे जाने वाले अरावली को हरा-भरा बनाने के लिए अब ड्रोन व गुलेल के माध्यम से बीजारोपण किया जाएगा जिसकी शुरूआत गत दिवस हरियाणा के पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल ने कर दी है ताकि इस मानसून के सीजन में अरावली पर्वत श्रृंखला में अधिक से अधिक पौधारोपण किया जा सकें। एक मुहिम के तहत ड्रोन की मदद से तथा गुलेल से अरावली पर्वत श्रृंखला में बीजों का छिडकाव किया गया। गुरुग्राम जिला के गांव घाटा  के पास  गुरुग्राम-फरीदाबाद  रोड पर आयोजित भारत विकास परिषद के इस कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग तथा पर्यावरण मंत्री श्री विपुल गोयल के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक पवन जिंदल तथा हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की चेयरपर्सन  गार्गी कक्कड़ सहित परिषद के कई सदस्य शामिल हुए। भारत विकास परिषद ने  आज 1 दिन में  ड्रोन की मदद से  एक करोड़ से ज्यादा बीजों का अरावली पर्वत श्रंखला में छिडकाव करने का दावा किया। पर्यावरण मंत्री विपुल गोयलने भारत विकास परिषद की इस मुहिम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ड्रोन की मदद से तथा गुलेल से या फिर घूम घूम कर अरावली में बीजों का छिडकाव किया जाना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि छिडकाव से पहले इन बीजों को भिगोकर रखा गया ताकि थोड़ी सी भी मिट्टी मिलते ही यह बीज जड़ पकड़ लें। इनमें मुख्य तौर पर पीपल, बड़, नीम, शीशम तथा जामुन के बीज थे। गोयल ने स्वयं बीजों से भरे एक ड्रोन को आकाश में छोड़ा जिसे अरावली की पहाडिय़ों में कुछ दूरी पर ऊंचाई पर जाने के बाद धीरे धीरे खोला गया जिससे कि बीज पहाड़ी क्षेत्र में बिखरते चले गए। गोयल ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में बीजारोपण की इस अनूठी मुहिम को हरियाणा प्रदेश ही नहीं पूरे देश में लेकर जाएंगे ताकि हमारा देश हरा भरा हो और भावी पीढिय़ों को पर्याप्त मात्रा में आॅक्सीजन मिल सके क्योंकि आॅक्सीजन बनाने का सशक्त माध्यम पेड़ पौधे हैं।  श्री गोयल ने भी गुलेल चलाकर अरावली में बीज फेंके। गोयल ने इस मौके पर फरीदाबाद में उनके मार्गदर्शन में चलाए जा रहे पौधारोपण कार्यक्रम का भी उल्लेख किया और कहा कि वहां पर 9 जुलाई से शुरू किए गए पौधारोपण कार्यक्रम में 28 जुलाई तक आम जनता को साथ लेकर लगभग ढाई लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने आशा जताई कि गुरुग्राम में भी वन मंत्री राव नरबीर सिंह के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार की मुहिम चलाई जा रही होगी।

Post a Comment

0 Comments