लोस नतीजे हमारे पक्ष में नहीं आए तो क्या हुआ, लेकिन विस चुनाव में जरुर जीतेंगे आदमपुर
महलसरा, मोठसरा, कोहली, खैरमपुर, सारंगरपुर, आदमपुर लाईनपार में जनसंपर्क अभियान के दौरान बोले भव्य
मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
आदमपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य भव्य बिश्नोई ने आज हलके के गांव आदमपुर गांव, महलसरा, मोठसरा, कोहली, खैरमपुर, सारंगरपुर, आदमपुर लाईनपार में जनसंपर्क अभियान के तहत अनेक जलपान कार्यक्रमों में भाग लिया तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव बारे चर्चा की। आदमपुर गांव में पार्क में उन्होंने के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम भले ही हमारे पक्ष में नहीं आए, परंतु आगामी विधानसभा चुनाव में आदमपुर हलके की जनता एकजुट होकर कुलदीप बिश्नोई को मजबूती देगी, क्योंकि आदमपुर और भजनलाल परिवार का रिश्ता राजनीतिक नहीं, पारिवारिक है। पारिवारिक हलके की पहचान को मजबूती देते हुए यहां की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी। उन्होंने कहा कि विस और लोकसभा चुनाव में बहुत अंतर होता है। दोनों चुनाव में मुद्दे अलग होते हैं। विधानसभा चुनाव में जनता स्थानीय मुद्दों और स्थानीय प्रत्याशियों को ध्यान में रखकर मतदान करेगी, इसलिए कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं को मजबूती के साथ कुलदीप बिश्नोई व कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आदमपुर हमारा घर है। पिछले 50 सालों से दोनों एक दूसरे की पहचान है। मोदी लहर में कुछ युवा भले ही बह गए हों, लेकिन अब समूचे आदमपुर हलके में माहौल विपरित है और लोग कुलदीप बिश्नोई को मजबूती देने के लिए मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के आदमपुर में विकास के दावे खोखले हैं। हलके के ज्यादातर गांवों में पर्याप्त पीने के पानी की भी कमी है। चौ. भजनलाल के शासनकाल में क्षेत्र की नहरों में तीन-तीन सप्ताह पानी चलता था, डिग्गियां, रजबाहे नहरी पानी से भरे रहते थे। भाजपा ने दो सप्ताह पानी देने का वादा किया था, किंतु यह वादा भी वादा ही रहा। इसी प्रकार हलके में अनेक गांव ऐसे हैं जहां भाजपा सरकार ने दिखाने को सड़कें बनवानी तो शुरू की, किंतु बड़ी संख्या में ये सड़कें अधूरी ही छोड़ दी। मोठसरा गांव के लोगों ने भव्य को ऐसी गली में ले जाकर दिखाया कि किस प्रकार से इस गली में साईड का नाला तो बना दिया, परंतु बाकी गली कच्ची ही छोड़ दी और कहीं-कहीं इसको बना दिया। ऐसे ही अन्य गांवों में भी किया जा रहा है। ऐसे अधूरे विकास और भ्रष्टाचार से भरे कार्यों पर अगर भाजपा नेता कहते हैं कि आदमपुर 600 करोड़ भाजपा ने लगाए हैं तो ये दावे भ्रामक व खोखले ही हैं, जिनसे जनता गुमराह होने वाली नहीं है। भव्य ने कहा कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस पार्टी की बनेगी और कुलदीप बिश्नोई मुख्यमंत्री बनकर क्षेत्र के स्वर्णिम दौर को वापिस लेकर आएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकत्र्ता उनके साथ रहे।




0 Comments