लानत है ऐसे पुलिसकर्मियों पर, शराब ठेकेदार से ले रहा था 10 हजार रिश्वत, गिरफ्तार
2 अगस्त 2019, 9:27 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
सिरसा। हरियाण सरकार द्वारा लाख कोशिशों के बावजूद भी हरियाणा पुलिस में भ्रष्टाचार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। रिश्वत लेते-लेते इन पुलिसकर्मियों की इस कदर आदत खराब हो चुकी है कि पूरे के पूरे सिस्टम को बदनाम कर रहे हैं। मनोहर सरकार की भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर पलीता हैं इस तरह के पुलिसकर्मी। वीरवार शाम विजिलेंस टीम ने सदर थाना डबवाली के एएसआई हंसराज बिश्नोई को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। वह शराब ठेकेदार से मंथली लेते पकड़ा गया है। गांव चोरमार निवासी बिकर सिंह ने बताया कि उसके चट्ठा सर्कल में शराब के ठेके हैं। सर्कल के गांव चट्ठा, फुल्लो तथा तिगड़ी सदर थाना डबवाली से संबंधित हैं। गांव चट्ठा में स्थित शराब ठेके पर एसआई हंसराज बिश्नोई धक्के से घुस जाता। पंजाब का जो व्यक्ति शराब लेने आता, उससे पकड़कर शराब छीन लेता। पिछले करीब एक माह से उन्हें परेशान कर रख था। इस संबंध में उसके पार्टनर मनजीत सिंह निवासी चट्ठा ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई थी। डीएसपी किशोरी लाल ने बयान दर्ज किए थे। आरोप लगाया कि थानेदार मंथली मांग रहा था। 30 जुलाई को वह कालांवाली कार्यालय में आया। गाली-गलौज करते हुए धमकियां दी। पांच हजार रुपये मंथली ले आया। दोबारा कॉल की कि 10 हजार रुपये मंथली लूंगा। वह पांच हजार रुपये जुलाई माह तथा 10 हजार रुपये अगस्त माह के मांग रहा था। परेशान होकर उन्होंने विजिलेंस हिसार से संपर्क किया। शिकायतकर्ता के अनुसार एसआई हंसराज बिश्नोई ने 10 हजार रुपये लेकर सदर थाना में आने के लिए कहा। हिसार विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने दो-दो हजार के पांच नोट देकर शराब टेकेदार को थाने में भेजा। तहसीलदार प्रदीप कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया था। ठेकेदार जैसे ही थाने पहुंचा तो एएसआई ने चाय के खोखे के पास उसे बुलाया। उससे पैसे लेकर जेब में डाल लिए। उसके इशारा करते ही विजिलेंस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


0 Comments