स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 5 को चुनी जाएंगी सांस्कृतिक टीमें
हिसार में राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल करेंगे ध्वजारोहण
2 अगस्त 2019, 9:27 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 5 अगस्त को सांस्कृतिक टीमों का चयन महाबीर स्टेडियम में किया जाएगा। समारोह के लिए उच्चकोटि के कार्यक्रमों का चयन करने को उच्चाधिकारियों की कमेटी का गठन किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सभी विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्यमंत्री डॉ. बनवारी लाल स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे तथा आमजन को अपना शुभ संदेश देंगे। समारोह के लिए स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की टीमें भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है जिसमें एसडीएम, सीटीएम, डीईओ व डीआईपीआरओ को शामिल किया गया है। यह टीम 5 अगस्त को सुबह 9 बजे महाबीर स्टेडियम में सांस्कृतिक टीमों का चयन करेगी। चुनी गई टीमें 9 अगस्त को महाबीर स्टेडियम में अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी। 13 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 8.45 बजे मुख्यातिथि द्वारा लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्घांजलि दी जाएगी। इसके पश्चात 8.58 पर महाबीर स्टेडियम में आगमन व 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। यहां मुख्यातिथि द्वारा परेड का निरीक्षण व संबोधन किया जाएगा। प्रतिभागी टीमों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके उपरांत मुख्यातिथि स्वतंत्रता सेनानियों व उनके आश्रितों को सम्मानित करेंगे व उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशंसा पत्र व इनाम वितरित करेंगे। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक पीटी शो व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम व मार्केट कमेटी द्वारा नगर व समारोह स्थल के आसपास सौंदर्यीकरण का कार्य करवाया जाएगा। समारोह स्थल के आसपास रंग-बिरंगे झंडे लगवाए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समारोह स्थल पर रंगोली बनाई जाएगी। समारोह के दौरान उपस्थितगण को जल बचाने व पर्यावरण संरक्षित करने का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को उनसे संबंधित प्रबंधों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।


0 Comments