18 साल पूरा करने वाले हर नागरिक का बनाया जाए वोट


18 साल पूरा करने वाले हर नागरिक का बनाया जाए वोट
   मंडल आयुक्त विनय सिंह ने  जिला के बीएलओ को दिए निर्देश 

10 अगस्त 2019, 7:50 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। मंडल आयुक्त विनय सिंह ने लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आज एक बैठक के दौरान बीएलओ को प्राप्त हुए फार्मों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे मतदाता पहचान पत्र से वंचित प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर 18 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों व महिलाओं के वोट बनाएं। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निदेर्शानुसार 15 से 30 जुलाई के बीच जिला के सातों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1294 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूचियों का द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। इस दौरान बीएलओ को नए वोट बनवाने, मृतकों व स्थान छोड़कर जा चुके लोगों के वोट कटवाने तथा विवरण में शुद्धि के लिए निर्धारित फार्म प्राप्त हुए थे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के ऐसे 20-20 बीएलओ को बैठक में बुलाया गया जहां फार्म-6 व 7 सर्वाधिक संख्या में प्राप्त हुए थे। मंडल आयुक्त विनय सिंह ने फार्मों का निरीक्षण किया और बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों के वोट बनवाए जाएं और किसी भी व्यक्ति का वोट काटने से पूर्व पूरी तरह से तसदीक की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी शिक्षण संस्थाओं व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया जा सके। बैठक में एसडीएम परमजीत सिंह, सीटीएम राजीव अहलावत, डीडीपीओ अश्वीर सिंह, चुनाव नायब तहसीलदार हनुमान दास सहित अन्य अधिकारी, चुनाव कानूनगो व बीएलओ मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments