हरियाणा की धरा को भी पुन: गौरवशाली पहचान दिलाएगी भाजपा
नारनौंद में भगवान परशुराम धर्मशाला के शिलान्यास अवसर पर बोले वित्त मंत्री
धर्मशाला के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये दिए जाने का ऐलान
10 अगस्त 2019, 7:44 PM
मीडिया जंक्शन न्यूज
नारनौंद। वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि धर्मशाला जैसे सार्वजनिक भवनों को हमें समाज के लिए उपयोगी केंद्रों के रूप में विकसित करना चाहिए ताकि ये केवल ईंट-सरिए का ढांचा बनकर न रहें बल्कि इनका लाभ व्यापक जन समुदाय को मिल सके। वित्तमंत्री ने यह बात आज यहां भगवान परशुराम धर्मशाला का शिलान्यास करने उपरांत कही। उन्होंने सांसद बृजेंद्र सिंह के साथ संयुक्त रूप से 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए इसका निर्माण पूरा होने तक मदद देने का भरोसा दिलाया।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि यदि हम धर्मशालाओं जैसी जगहों पर योगशाला, यज्ञशाला, कोचिंग सेंटर व महिला-पुरुषों, युवाओं व बुजर्गों के लिए प्रशिक्षण आदि की गतिविधियां चलाएं तो इन केंद्रों का समाज को व्यापक लाभ मिल सकेगा। उन्होंने भगवान परशुराम जन कल्याण समिति के सदस्यों से भी आह्वान किया कि वे भी यहां बनने वाली भगवान परशुराम धर्मशाला में इसी प्रकार की समाज उपयोगी गतिविधियां आयोजित करवाएं। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो केंद्र सरकार ने एक झटके में धारा-370 को हटा दी जिसे कांग्रेस 70 साल में भी खत्म नहीं कर सकी। भाजपा का शुरू से ही यह नारा रहा है कि जहां बलिदान हुए मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है, आधा-अधूरा नहीं बल्कि पूरे का पूरा हमारा है। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जवाहर लाल सरकार में केबिनेट मंत्री थे लेकिन धारा-370 के प्रावधान करने के कारण उन्होंने सरकार से इस्तीफा दे दिया था और इस धारा को हटाने के लिए संघर्ष शुरू किया और अपना बलिदान दिया। उनके बाद देश को अखंड बनाने के इसी संस्कार से साथ भाजपा ने यहां तक का सफर पूरा किया है और अब जनता की दी गई ताकत के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने एक झंडा एक विधान बनाने का निर्णय ले लिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं है बल्कि यह हमारे देश भारत का मस्तक एवं मुकुट है। हम भारत को फिर से सोने की चिड़िया और विश्वगुरु बनाएंगे। प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से भाजपा सरकार हरि की इस धरा को पुन: गौरवशाली पहचान दिलाएगी। उन्होंने सांसद बृजेंद्र सिंह के साथ संयुक्त रूप से धर्मशाला निर्माण में 21 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की। सांसद बृजेंद्र सिंह ने उन्हें विजयी बनाने के लिए हलके की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे हलके के विकास के लिए हर संभव सहयोग करेंगे। इस अवसर पर युवा नेता अजय सिंधु, पंडित महाबीर शर्मा, राजेंद्र लांबा, प्रेम वर्मा, कुलदीप गौतम, एडवोकेट सुशील खरब, सतपाल मल्हान, भूपसिंह रोहिला, सुरेश एमसी, सुनील बैरागी, सुनील पाल वाल्मीकि, जीता सिंधु, सरोज सिहाग, राजबीर खेड़ी, राजेश पेटवाड़ चेयरमैन, रविंद्र रॉकी कालीरावण व जयवीर माजरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

0 Comments