घुमंतुओं के बच्चों के लिए पांच जिलों में बनेंगे छात्रावास
6 अगस्त 2019, 4:57 PM
मीडिया जंक्शन। संदीप कम्बोज
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार ने अब तक घुमंतुओं के तीन हजार परिवार चिन्हित किये हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराये जायेंगे। इसके अलावा, पांच जिलों में छात्रावास भी स्थापित किये जायेंगे, जहां रहकर घुमंतुओं के बच्चे शिक्षा अर्जित कर सकेंगे। जींद में एक ऐसा छात्रावास स्थापित किया जा चुका है। हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि घुमंतु जातियां प्राचीनकाल से ही राष्ट्र उत्थान में योगदान देती आई हैं, किंतु समय के साथ आये बदलावों में विकास की मुख्यधारा में वे खुद को शामिल नहीं कर पाई। केंद्र व वर्तमान राज्य सरकार ने इस दिशा में विशेष प्रयास किये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घुमंतुओं के आर्थिक, शैक्षणिक व सामाजिक उत्थान में जुटी हुई है ताकि ये जातियां भी समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकें। इसी कड़ी में सरकार ने गु्रप- सी व डी की नौकरियों में घुमंतुओं को पांच नंबर देने की व्यवस्था की है। इसके अलावा, विशेष सर्वे करवाकर घुमंतुओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करवाई गई है।


0 Comments