गुरुग्राम-फरीदाबाद के बीच भी दौड़ेगी मेट्रो, सीएम मनोहर लाल ने दिए संकेत
29 अगस्त 2019, 11:17 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
फरीदाबाद। प्रदेश सरकार अब फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच मेट्रो चलाने पर विचार कर रही है। गत दिवस यह संकेत दिए हैं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच इंट्रा सिटी बस सर्विस शुरू कर दी गई है ताकि लोगों को किफायती व सुलभ आवागमन मुहैया हो सके। सीएम ने कहा कि हमने पूरे प्रदेश में विकास कार्य करने में कोई कमी नहीं छोड़ी है और गरीब लोगों को जहां आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है तो वही उज्ज्वला योजना से हर गरीब के घर गैस सिलेंडर पहुंचा कर उनके उनके जीवन को सुलभ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जहां लोगों को उचित राशन नहीं मिल पाता था वर्तमान सरकार ने आॅनलाइन सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों को अब राशन की पूरी मात्रा दी जा रही है और भ्रष्टाचार को दूर करने का काम किया है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अभी हाल ही में हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद के एक नेता की हत्या करने वाले गैंगस्टर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने फरीदाबाद की विभिन्न अनाधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने का काम किया है ताकि लोगों को यह सुविधाएं नियमित कॉलोनियों की तरह मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में आप लोगों ने हमें चुना था और हमने पारदर्शी तरीके से इस सरकार को चलाया और जनता का ध्यान रखते हुए विकास के काम किये हैं। उन्होंने कहा कि हमारा इस 5 साल का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने एक सेवादार, चौकीदार और ट्रस्टी बनकर राज्य के लोगों की सेवा की है।मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद एनआईटी में विभिन्न स्थानों पर उपस्थित जनसमूह को आगामी 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में आने का न्यौता दिया।


0 Comments