हरियाणा : खेल दिवस पर युवाओं को फिटनेस मंत्र देंगे पीएम नरेंद्र मोदी, फिटनेस की शपथ भी दिलवाएंगे



हरियाणा : खेल दिवस पर युवाओं को फिटनेस मंत्र देंगे पीएम नरेंद्र मोदी, फिटनेस की शपथ भी दिलवाएंगे 
पंचकूला में होगा राज्य स्तरिय कार्यक्रम का आयोजन 
सभी स्कूल-कॉलेजों में होगा लाईव प्रसारण 



27 अगस्त 2019, 7:46 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंदिरा गांधी स्टेडियम, नई दिल्ली से फिट इंडिया मूवमेंट की शुरूआत करेंगे। इस अवसर वे देशभर के युवाओं को फिटनेस की शपथ भी दिलाएंगे। हरियाणा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पंचकूला में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का सभी स्कूलों, कॉलेजों व ग्राम पंचायतों में लाईव प्रसारण किया जाएगा। हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनन्द अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रम का दूरदर्शन के माध्यम से देशभर में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा फिटनेस शपथ भी दिलवाई जाएगी। इसके लिए मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों, तहसील, बीडीपीओ कार्यालयों, पार्कों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर परिषदों और ग्राम पंचायतों में सीधे प्रसारण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले या बाद में जनभागीदारी को बढ़ाने के लिए खेलों, योगा या मैराथन का आयोजन भी किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों और युवाओं को इस कार्यक्रम के साथ जोडऩे के लिए सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, कॉलेजों, आईटीआई, पॉलिटैक्रिक कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और खेलों का आयोजन किया जाए। इसके अलावा, कार्यक्रम का आयोजन वेलनैस सेंटरों, औषधालयों, निजी एवं सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ पुलिस लाईन एवं पुलिस स्टेशनों पर भी किया जाए। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट के साथ-साथ नेहरू युवा केंद्रों के युवाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाए।  उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थलों पर पीने के पानी की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मुख्य सचिव ने 29 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए।

हरियाणा को मिलेंगे 10 आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनैस सेंटर 
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान 30 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के 10 आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनैस सेंटरों के उदघाटन संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान बताया गया कि प्रदेश के 10 जिलों नामत: अंबाला, फरीदाबाद, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम, कैथल, मेवात, पंचकूला, हिसार और जींद में आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनैस सेंटरों का उदघाटन प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर किया जाएगा।

5 हजार युवा पुलिसकर्मी भी लेंगे हिस्सा 
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने बताया कि कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पूरा ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में लगभग 5 हजार युवा पुलिस प्रशिक्षण ले रहे हैं, उन युवाओं को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा और इन पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में फिटनेस खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, पुलिसलाईन में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और वहां रहने वाले पुलिस परिवारों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments