हरियाणा महाभारत-2019 : सिर्फ जीताऊ चेहरों को ही टिकट देगी कांग्रेस, सैलजा भी नहीं लड़ेंगी चुनाव


हरियाणा महाभारत-2019 : सिर्फ जीताऊ चेहरों को ही टिकट देगी कांग्रेस, सैलजा भी नहीं लड़ेंगी चुनाव 



8 सितंबर 2019, 7:31 PM
 
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
चंडीगढ़। कांग्रेस के उन नेताओं को बड़ा झटका लग सकता है जो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से टिकट की उम्मीद लगाकर तैयारियों में जुटे हैं। कार्यभार संभालने के बाद ही नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने टिकट के दावेदारों को दो टूक कह दिया है कि चुनाव मैदान में उन्हें ही उतारा जाएगा जो चुनाव जीतने में सक्षम होगा और पार्टी के प्रति उसकी परफॉर्मेंस बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान पार्टी के लिए काम करने वाले नेताओं की प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि वे स्वंय विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। सैलजा ने चुटकी लेते हुए कहा कि नेताओं को अपने साथ कार्यकर्ता जोड़ने की जरूरत है। सभी नेता सत्ता में बैठ गए तो संगठन कैसे चलेगा। उन्होंने माना कि चुनाव में ब्लाक व जिला स्तरीय संगठन की कमी जरूर खलेगी लेकिन इस प्रदेश की जनता व कांग्रेस की विचारधारा का समर्थन करने वाले लोग ही कार्यकर्ता हैं। चुनाव के बाद हरियाणा में नए सिरे से संगठन को खड़ा किया जाएगा। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस के लिए जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ी। वहीं पार्टी प्रभारी एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने साफ किया है कि चुनाव के लिए एक अस्थायी कमेटी का गठन किया जाएगा। चुनाव के बाद ही प्रदेश में ब्लाक व जिला कार्यकारिणी का गठन होगा। हालांकि विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस का चेहरा-मोहरा बदले जाने के बावजूद गुटबाजी थमती नहीं दिख रही है। 

Post a Comment

0 Comments